Bilaspur: राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित पूर्व इंस्पैक्टर तिलक राज शर्मा का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

punjabkesari.in Thursday, Nov 06, 2025 - 09:05 PM (IST)

भराड़ी (राकेश): बिलासपुर जिला के अंतर्गत आते गांव दधोल के निवासी और सेवानिवृत्त पुलिस निरीक्षक तिलक राज शर्मा का मंगलवार सुबह निधन हो गया। वह लगभग 80 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक श्मशान घाट दधोल मंगलौत में पूरे सम्मान के साथ किया गया।

तिलक राज शर्मा का जन्म 16 मार्च 1943 को हुआ था। उन्होंने वर्ष 1965 में पुलिस विभाग में एक आरक्षी के रूप में अपना करियर शुरू किया था। अपने लंबे और बेदाग सेवाकाल के दौरान उन्होंने विभिन्न जिलों में पुलिस अधीक्षक कार्यालयों में अपनी उत्कृष्ट सेवाएं दीं। उन्हें उनकी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और सादे जीवन के लिए जाना जाता था। उनकी इसी कर्तव्यनिष्ठ छवि के कारण उन्हें वर्ष 2000 में प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया था। वह वर्ष 2002 में मुख्य लिपिक के पद से निरीक्षक के रूप में सेवानिवृत्त हुए थे।

उनके अंतिम संस्कार में जिला पुलिस प्रशासन की ओर से थाना प्रभारी भराड़ी इंस्पैक्टर अनूप कुमार अपने स्टाफ के साथ शामिल हुए और पुष्पचक्र अर्पित कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी। वहीं, पुलिस पैंशनर संगठन बिलासपुर की ओर से मुख्य सचिव त्रिलोक शर्मा ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।

थाना प्रभारी ने कहा कि तिलक राज शर्मा अपनी सादगी, ईमानदार कार्यशैली और कर्तव्यनिष्ठा के लिए हमेशा याद किए जाएंगे। उनके निधन से पुलिस विभाग और समाज ने एक सच्चा और नेक इंसान खो दिया है, जिसकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay