CM के लिए सुखविंदर सुक्खू का नाम आया आगे, प्रतिभा सिंह के समर्थकों ने किया हंगामा (VIDEO)
punjabkesari.in Saturday, Dec 10, 2022 - 05:19 PM (IST)

शिमला : कांग्रेस आलाकमान के खिलाफ प्रतिभा सिंह के समर्थकों ने नारेबाजी करना शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, हाईकमान ने सुखविंदर सिंह सुक्खू का नाम मुख्यमंत्री के लिए तय किया है, लेकिन प्रतिभा सिंह के समर्थक इसके पक्ष में नहीं हैं। समर्थकों ने ना सिर्फ सुक्खू के खिलाफ बल्कि हाईकमान के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की। यह भी खबर आई है कि डिप्टी सीएम के लिए भी नाम तय कर लिया गया है, लेकिन इसके बारे में आधिकारिक घोषणा होना बाकी है।
शुरूआत में सीएम पद के लिए कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह के अलावा सुखविंदर सिंह सुक्खू, उनके बेटे विक्रमादित्य सिंह, मुकेश अग्निहोत्री और चंदन कुमार के नाम इस रेस में थे, लेकिन अंत में मुकेश अग्निहोत्री और सुखविंदर सिंह में कड़ा मुकाबला हो गया। प्रतिभा सिंह का गुट सुक्खू को पसंद नहीं कर रहा, वहीं खुद प्रतिभा ने अग्निहोत्री के नाम की सिफारिश हाईकमान के आगे रखी।
चुनाव पर्यवेक्षक व छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और हिमाचल कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला अभी राजधानी शिमला के चौड़ा मैदान स्थित सिसिल होटल में हर विधायक से अकेले-अकेले मुलाकात कर चुके हैं। दोपहर बाद 4 बजे विधानसभा परिसर में कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक के बाद प्रदेश के नए मुख्यमंत्री का ऐलान होने की बड़ी संभावना है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने चुनाव पर्यवेक्षक भूपेश बघेल, भूपेंद्र सिंह हुड्डा और राजीव शुक्ला को विधायक दल की बैठक के बाद सीएम के नाम का ऐलान करने को कहा है।
#WATCH | Supporters of Himachal Pradesh Congress president Pratibha Virbhadra Singh raise slogans in Shimla pic.twitter.com/zfeh5vODwp
— ANI (@ANI) December 10, 2022
गाैर हो कि कांग्रेस के 40 प्रत्याशियों ने जीत हासिल की, जबकि भाजपा 25 पर सिमट गई। कांग्रेस की जीत के साथ ही पार्टी में मुख्यमंत्री पद को लेकर विवाद शुरू हो गया। दिनभर शिमला स्थित पार्टी मुख्यालय पर हंगामा होता रहा। बड़ी संख्या में प्रतिभा सिंह के समर्थक नारेबाजी करते रहे। वहीं, प्रचार समिति के प्रमुख रहे सुखविंदर सिंह सुक्खू के समर्थक भी उनके पक्ष में नारेबाजी करते रहे। हालांकि, सुक्खू खुद को मुख्यमंत्री की दौड़ से बाहर बता रहे हैं।