सीएम फेस का चयन एक प्रक्रिया, विधायकों की राय जानने के बाद हाईकमान लेगा निर्णय : प्रतिभा सिंह

Wednesday, Nov 30, 2022 - 06:12 PM (IST)

शिमला (राक्टा): समर्थक काफी कुछ कहेंगे, लोग भी काफी कुछ चाहेंगे। स्वर्गीय वीरभद्र सिंह ने 60 साल तक प्रदेश की सेवा की है। वे प्रदेश के 6 बार मुख्यमंत्री रहे। प्रदेश के विकास और जनता की सेवा के लिए वे हमेशा तत्पर रहे। दिल्ली से लौटने के बाद शिमला में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने एक सवाल के जवाब में बुधवार को यह बात कही। उन्होंने कहा कि वे दावे के साथ कह सकती हैं कि जिस तरीके से अपना सर्वस्व समर्पित करते वीरभद्र सिंह ने हिमाचल वासियों की सेवा की है, ऐसा आने वाले समय में भी कोई नहीं हो सकता। 

देश में लंबे समय तक कांग्रेस की सरकारें रहीं, कभी नफरत-घृणा नहीं दिखी
एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि समर्थक बहुत कुछ कहेंगे, लोग भी बहुत कुछ चाहेंगे, होलीलॉज के साथ लोग दिल से जुड़े हुए हैं। समर्थक चाहते हैं कि राजा साहब के जाने के बाद अध्याय खत्म नहीं होना चाहिए, आगे परिवार को लेकर जाना है और जुड़कर रहना है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि वीरभद्र सिंह परिवार के प्रति यह लोगों की भावना है। जहां तक बात सत्ता में आने पर मुख्यमंत्री चेहरे की है, तो यह एक प्रक्रिया है। जो विधायक चुनकर आते हैं, उनकी राय ली जाती है और उसके बाद हाईकमान अंतिम निर्णय लेता है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि देश में लंबे समय तक कांग्रेस की सरकार रही। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव व सोनिया ने देश का नेतृत्व किया और कभी भी देश में नफरत और घृणा का माहौल देखने को नहीं मिला। कांग्रेस सबको साथ लेकर चली, विकास के लिए काम किया और देश को ऊपर उठाने के लिए काम किया जबकि अब प्रधानमंत्री जनता को विकास को कोई महत्व नहीं देते। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता कहते फिरते हैं कि कांग्रेस ने 70 साल में कुछ नहीं किया, लेकिन यह सर्वविदित है कि कांगे्रस ने देश को कहां से कहां पहुंचाया। 

भारत जोड़ो यात्रा में उमड़ रहा जनसैलाब
प्रतिभा सिंह ने कहा कि वह भी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुई हैं। राहुल गांधी द्वारा शुरू की गई इस यात्रा में लोगों का सैलाब उमड़ रहा है। इस दौरान राहुल गांधी आम आदमी से मिल रहे हैं। उनकी एक झलक पाने के लिए लोग घंटों खड़े होकर इंतजार कर रहे हैं। राहुल गांधी के समक्ष एक बड़ा चैलेंज है और वे यात्रा के माध्यम से आम आदमी से मिलते हैं, सीधे बात कर रहे हैं। 

कौन क्या कह रहा, कांग्रेस को कोई फर्क नहीं पड़ता
प्रतिभा सिंह ने पार्टी नेताओं के दिल्ली दौरे को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि जब मल्लिकार्जुन खरगे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने, तो कई नेता चुनाव में व्यस्त होने केे चलते उनसे नहीं मिल पाए। ऐसे में मतदान के बाद नेता उनसे मिलने गए। उन्होंने कहा कि वह भी मतदान के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलने गईं और उन्हे चुनावी फीडबैक भी दिया। ऐसे में कौन क्या कह रहा, उससे पार्टी को कोई फर्क नहीं पड़ता।
विक्रमादित्य बोले-स्टेट हम जीतेंगे
प्रतिभा सिंह ने एक सवाल के जवाब में कहा कि प्रदेश में चुनाव के चलते वह भारत जोड़ो यात्रा में शामिल नहीं हो पाई थीं। ऐसे में चुनाव के बाद समझा कि यात्रा में शामिल होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस दौरान राहुल गांधी से ज्यादा बात करने का मौका नहीं मिल पाया। यात्रा के दौरान राहुल गांधी को पहाड़ी टोपी पहनाई। इस दौरान उन्होंने पूछा कि विक्रमादित्य सिंह कहां हैं तो मैंने कहा कि साथ ही चल रहे हैं। इस बीच विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हम स्टेट जीत रहे हैं तो उन्होंने कहा कि लैट वेट एंड वाच और मुस्कुराते हुए आगे बढ़े। 

पोस्टल बैलेट पेपर को लेकर मिल रहीं शिकायतें
प्रतिभा सिंह ने कहा कि पोस्टल बैलेट को लेकर तरह-तरह की शिकायतें मिल रही हैं। कांग्रेस ने चुनाव आयोग के समक्ष भी मामला उठाया है। उन्होंने कहा कि ओपीएस प्रदेश में एक बड़ा मुद्दा है। ऐसे में प्रयास हो रहे कि कर्मचारी वोट न दे पाए। पोस्टल बैलेट को लेकर देरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टल बैलेट पेपर के तहत पूरे वोट पडऩे चाहिए। हर व्यक्ति चाहता है कि वह वोट दे और सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाए।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay