Solan: प्रगति ठाकुर बनीं सेना में अधिकारी, गोल्ड मैडल जीतकर बढ़ाया क्षेत्र का मान
punjabkesari.in Tuesday, Mar 11, 2025 - 11:33 AM (IST)

अर्की (सुरेंद्र): हिमाचल प्रदेश के अर्की उपमंडल की ग्राम पंचायत बसंतपुर के कहडोग गांव की बेटी प्रगति ठाकुर ने भारतीय सेना में अधिकारी बनकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने चेन्नई स्थित ऑफिसर ट्रेनिंग अकादमी (ओटीए) से अपना प्रशिक्षण पूरा कर 332 आर्टिलरी रैजीमैंट में नियुक्ति प्राप्त की है। प्रगति ठाकुर ने पूरे बैच में सर्वोच्च स्थान प्राप्त कर गोल्ड मैडल हासिल किया, जो उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन का प्रमाण है। इसके अलावा वह अकादमी अंडर ऑफिसर भी रहीं, जो कैडेट्स के बीच सबसे वरिष्ठ पद होता है।
8 मार्च 2025 को चेन्नई में आयोजित पासिंग आऊट परेड में 133 पुरुष और 24 महिला कैडेट्स ने भारतीय सेना में विभिन्न शाखाओं में कदम रखा। इस भव्य परेड की समीक्षा लैफ्टिनैंट जनरल जॉनसन पी. मैथ्यू ने की और सभी नए अधिकारियों को 'राष्ट्र की निस्वार्थ सेवा' का संकल्प दिलाया। इसी दौरान प्रगति ठाकुर को गोल्ड मैडल से सम्मानित किया गया। प्रगति ठाकुर का परिवार भी सेना से जुड़ा रहा है। उनके पिता बालक राम भारतीय सेना से ऑनरेरी कैप्टन के रूप में सेवानिवृत्त हुए हैं, जबकि माता मीना ठाकुर गृहिणी हैं।
प्रगति ठाकुर ने केंद्रीय विद्यालय, जतोग से 12वीं तक की शिक्षा प्राप्त की और फिर संजौली कॉलेज, शिमला से स्नातक की डिग्री हासिल की। इसके बाद उन्होंने संयुक्त रक्षा सेवा परीक्षा (सीएसडी) उत्तीर्ण की और सेवा चयन बोर्ड (एसएसबी) साक्षात्कार पास कर यह गौरवशाली उपलब्धि हासिल की।
प्रगति ठाकुर की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर है। उनकी मेहनत और समर्पण ने यह साबित कर दिया कि दृढ़ निश्चय और कठिन परिश्रम से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों, चाचा भुवनेश्वर और ताया हीरा सिंह ठाकुर को दिया, जिन्होंने उन्हें हमेशा प्रोत्साहित किया।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here