सतपाल सत्ती के भाषण पर कांग्रेस-भाजपा में सियासी घमासान शुरू

Tuesday, Apr 16, 2019 - 06:52 PM (IST)

शिमला (योगराज): हिमाचल में भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती द्वारा राहुल गांधी के खिलाफ जनसभा में इस्तेमाल किए गए आपत्तिजनक शब्दों को लेकर प्रदेश में राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है। भाजपा जहां प्रदेशाध्यक्ष के बचाव में वीडियो को कट पेस्ट बताकर इसके पीछे कांग्रेस का हाथ बता रही है तो वहीं कांग्रेस ने सत्ती के खिलाफ प्रदेश में मोर्चा खोल दिया है।

सत्ती के चुनाव प्रचार पर प्रतिबंध लगाए चुनाव आयोग

कांग्रेस महासचिव संगठन एवं प्रशासन रजनीश किमटा ने मामले को लेकर चुनाव आयोग मांग की है कि सतपाल सत्ती को चुनाव प्रचार करने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस तरह की भाषा का भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने जनसभा में प्रयोग किया है वह देश की मर्यादाओं के खिलाफ है। भाजपा जान-बूझकर जाति और धर्म के नाम पर लोगों को बांटने के बयान दे रही है, जिससे लोगों का ध्यान असल मुद्दों पर न जाए। वहीं सतपाल सत्ती की राधा स्वामी सत्संग व्यास पर की गई टिप्पणी को भी कांग्रेस ने शर्मनाक बताया है।

कांग्रेस ने प्रदेश में शुरू की गंदी राजनीति : प्रवीण शर्मा

वहीं भाजपा मीडिया प्रभारी प्रवीण शर्मा ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का बचाव करते हुए कांग्रेस पर वीडियो को कट पेस्ट कर वायरल करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश में गंदी राजनीति करनी शुरू कर दी है। कांग्रेस के नेता खुद प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे हंै। उस पर कांग्रेस क्यों खामोश है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सत्ती की फोटो पर पोती कालिख

प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती के खिलाफ नालागढ़ के राम शहर एफ.आई.आर. दर्ज करवाई है और पुलिस से मामले को लेकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के होर्डिंग्स में लगी सतपाल सत्ती की फोटो पर कालिख पोतना भी शुरू कर दिया है।

Vijay