Solan: होटल में पुलिस की रेड, जुआ खेलते 10 लोग रंगे हाथ काबू...लाखों का कैश बरामद
punjabkesari.in Saturday, Apr 18, 2026 - 05:38 PM (IST)
सोलन (अमित): जिला सोलन में पुलिस की स्पैशल इन्वैस्टिगेशन यूनिट (एसआईयू) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। देहूंघाट क्षेत्र स्थित एक होटल में जुए का अड्डा चलने की गुप्त सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर 10 लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से जुआरियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार एसआईयू टीम को सूचना मिली थी कि देहूंघाट के एक होटल के कमरे में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने होटल में दबिश दी। पुलिस को देखते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए सभी 10 आरोपियों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान मौके से ताश के पत्तों के साथ-साथ 2,69,820 रुपए की नकदी बरामद की गई है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सोलन, शिमला और सिरमौर जिलों के विभिन्न क्षेत्रों के निवासियों के रूप में हुई है।
एसपी अभिषेक एस ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस अब आरोपियों के पिछले आपराधिक रिकॉर्ड की भी गहनता से जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे पहले भी इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं या नहीं।

