हिमाचल दौरे पर आएंगे PM Modi, बिलासपुर में करेंगे AIIMS का उद्घाटन

Thursday, Aug 25, 2022 - 10:47 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शीघ्र बिलासपुर, चम्बा व सुजानपुर के प्रवास पर आएंगे। इस दौरान वह बिलासपुर में एम्स का उद्घाटन करेंगे, जबकि सुजानपुर में भाजयुमो की तरफ से आयोजित की जाने वाली 1 लाख युवाओं की रैली को संबोधित करेंगे। इसी तरह वह चम्बा में भी एक रैली को संबोधित करेंगे। इसके अलावा आने वाले समय में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी और स्मृति ईरानी के अलावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी प्रदेश का दौरा करेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित कोर ग्रुप बैठक में इस विषय को लेकर विस्तार से चर्चा हुई है। बैठक में निर्णय लिया गया कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और विधायक डाॅ. राजीव बिंदल की अध्यक्षता में चुनाव संचालन व चुनाव प्रबंधन समितियों के गठन के बाद अब कमेटी एवं सब कमेटियों का गठन होगा। इसी तरह चुनाव के दृष्टिगत जिला व मंडल स्तर पर कार्यालय खोले जाएंगे। पार्टी के स्तर पर केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को एलईडी वैन के माध्यम से सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में प्रचारित किया जाएगा। 

परफॉर्मैंस सही नहीं त मंत्री-विधायकों के भी कटेंगे टिकट
सूत्रों के अनुसार बैठक में एक बार फिर से इस बात को दोहराया गया कि यदि मंत्री व विधायकों की परफॉर्मैंस सही नहीं रही तो उनके टिकट कटेंगे। इसके अलावा सर्वेक्षण भी टिकट आबंटन का आधार बनेगा। भाजपा में शामिल निर्दलीय एवं कांग्रेस विधायकों को पार्टी के स्तर पर जल्द जिम्मेदारी को सौंपा जा सकता है। इसके अलावा संगठन में बेहतर तालमेल से काम करने पर बल दिया जाएगा।

शांता-अनुराग-टंडन ने नहीं लिया भाग
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह और प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना बैठक में मौजूद रहे। इसके अलावा पूर्व अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल, सतपाल सिंह सत्ती, मंत्री डाॅ. राजीव सहजल, प्रदेश भाजपा महामंत्री संगठन पवन राणा, प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, राकेश जम्वाल व त्रिलोक कपूर ने भी भाग लिया। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल भाजपा कोर ग्रुप बैठक में भाग लेने के बाद दोपहर बाद लौट गए। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर एवं सह-प्रभारी संजय टंडन शिमला नहीं पहुंचे।

प्रभारी बनाए जाने पर सौदान सिंह को दी बधाई
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए प्रभारी बनाए जाने के लिए कोर ग्रुप की बैठक में मौजूद सभी नेताओं ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह को बधाई दी। नेताओं ने कहा कि उनका वर्किंग मॉड्यूल संगठन के लिए फायदेमंद रहेगा।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay