24 सितम्बर को हिमाचल प्रवास पर आएंगे पीएम मोदी : सुरेश कश्यप

Thursday, Sep 08, 2022 - 10:08 PM (IST)

शिमला (भूपिन्द्र): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 सितम्बर को हिमाचल प्रवास पर आएंगे। वह मंडी में युवा मोर्चा की होने वाली युवा संकल्प हुंकार रैली में युवाओं को संबोधित करेंगे। इस रैली में पूरे प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र के 74 मंडलों के 7883 बूथों से 1 लाख युवा पहुंचेंगे तथा इसमें 40 साल से ऊपर का कोई भी व्यक्ति नहीं होगा। यह बात प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने वीरवार को शिमला में पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि रैली में आने वाले युवाओं को आई-कार्ड जारी किए जाएंगे तथा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी बिना आई कार्ड के न आएं। उन्होंने कहा कि रैली में जो भी खर्च होगा उसे पार्टी वहन करेगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री जल्द ही हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के बिलासपुर में एम्स के भवन का लोकार्पण तथा चंबा व एक कार्यक्रम में आएंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री का बल्क ड्रग पार्क, मेडिकल डिवाइस पार्क देने, अटल टनल का निर्माण पूरा करने, पीजी सैटेलाइट सैंटर की सुविधा देने, रेणुका बांध का काम शुरू करने जैसी अनेक सौगातें हिमाचल को देने के लिए आभार जताया तथा कहा कि पिछले साढ़े 8 सालों में हिमाचल को पीएम का प्यार व आशीर्वाद मिलता रहा है तथा हिमाचल आगे बड़ा है। 

आने वाले समय में आएंगे कई केंद्रीय नेता
कश्यप ने कहा कि आने वाले समय में कई केंद्रीय नेता गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय मंत्री किरण रिजीजू, राजनाथ सिंह, नीतिन गडकरी व अन्य नेताओं का हिमाचल प्रवास पर आने का कार्यक्रम है। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी जल्द ही महिला मोर्चा के कार्यक्रम में 17 सितम्बर को सुंदरनगर में आएंगी। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का लगातार हिमाचल की स्थापना के 50 साल के कार्यक्रमों में आगमन हो रहा है। 

मापदंडों के बाद तय होंगे टिकट
कश्यप ने कहा कि भाजपा में टिकट आबंटन का अपना एक सिस्टम है। इसमें कई मापदंडों के बाद टिकट तय किए जाते हैं। टिकटों का निर्धारण चुनाव समिति की बैठक में किया जाएगा। आने वाले दिनों में पार्टी के मोर्चों के सम्मेलन व अनेक अन्य कार्यक्रम तय किए गए हैं। साथ ही मंडल स्तर पर भी उम्मीदवारों के नामों को आमंत्रित किया जाएगा। वरिष्ठ नेता प्रेम कुमार धूमल को चुनाव लडऩे को लेकर पूछे सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि इसका फैसला शीर्ष नेतृत्व करेगा। 

और नेता होंगे भाजपा में शामिल
कश्यप ने कहा कि आने वाले दिनों में और नेता भाजपा में शामिल होंगे। पार्टी के दृष्टि पत्र में आम लोगों से सुझाव मांगें जाएंगे तथा इन्हें इसमें शामिल भी किया जा सकता है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भारत नहीं अपनी पार्टी जोडऩे की बात करनी चाहिए, क्योंकि उनके अधिकांश नेता छोड़कर जा रहे हैं। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay