दर्दनाक हादसा : पिकअप जीप खाई में गिरी, चालक की मौत-एक घायल

Saturday, May 04, 2019 - 04:31 PM (IST)

करसोग (धर्मवीर गौतम): करसोग-तत्तापानी सड़क में कंलगार के समीप एक पिकअप जीप के खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि गाड़ी में सवार एक अन्य व्यक्ति इस हादसे में घायल हो गया। जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात उक्त पिकअप गाड़ी (सी.एच. 04एच-7053) आईसक्रीम खाली करने के बाद वापस चंडीगढ़ जा रही थी। इस दौरान कंलगार के समीप अचानक गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे 30 फुट गहरी खाई में गिर गई।

पिकअप चालक की मौके पर हुई मौत

इस हादसे में पिकअप चालक अशोक कुमार गुप्ता पुत्र हीरा लाल गुप्ता मकान नंबर 183 बहलाना चंडीगढ़ की मौके पर ही मौत हो गई जबकि महेश कुमार (23) पुत्र नन्दलाल गांव हाटकोट कुनिहार अर्की घायल हो गया। सूचना के मुताबिक महेश से मिलने के बाद शनिवार को पुलिस ने मौके पर पहुंचने के बाद मामला दर्ज कर लिया है तथा मृतक चालक के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया है।

बस से खुद सुन्नी अस्पताल पहुंचा घायल

पिकअप के गिरते समय महेश कुमार बीच में ही छूट गया। वो जैसे-तैसे सड़क पर पहुंचा और बस से इलाज के लिए सुन्नी अस्पताल पहुंच गया। यहां डॉक्टर ने सुन्नी पुलिस को हादसे की सूचना दी। इसके बाद शनिवार सुबह ही करसोग पुलिस को घटना की जानकारी दी गई, जिस पर आई.ओ. बलबीर मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेने के बाद सुन्नी अस्पताल पहुंचकर घायल के बयान दर्ज किए। प्रथम दृष्टया में हादसा की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है। वहीं डी.एस.पी. करसोग अरुण मोदी का कहना है कि मामला दर्ज कर हादसे की छानबीन शुरू कर दी है।

Vijay