Kangra: पत्नी गई थी मायके...मां लगातार कर रही थी फोन, पड़ोसी कमरे में पहुंचे तो मंजर देख पैरों तले खिसक गई जमीन
punjabkesari.in Wednesday, Mar 18, 2026 - 06:18 PM (IST)
जयसिंहपुर (संदीप): पुलिस थाना लम्बागांव के अंतर्गत आते तलवाड़ गांव में एक 31 वर्षीय युवक द्वारा किराए के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 31 वर्षीय अमन कुमार पुत्र प्रदीप चंद, निवासी भलूंदर (लाहड़ू) के रूप में हुई है। अमन तलवाड़ क्षेत्र में दिहाड़ी-मजदूरी का काम करता था और यहीं अपनी पत्नी के साथ किराए का कमरा लेकर रहता था।
जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम को अमन की पत्नी अपने मायके गई हुई थी और वह कमरे में अकेला था। बुधवार सुबह जब अमन की मां ने भटिंडा से उसका हालचाल जानने के लिए उसे कई बार फोन किया, तो उसने फोन नहीं उठाया। अनहोनी की आशंका के चलते उसकी मां ने पड़ोस में रहने वाले रवि कुमार को फोन कर अमन का हालचाल जानने का आग्रह किया।
रवि कुमार जब कुछ अन्य लोगों के साथ अमन के कमरे पर पहुंचा, तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाजें देने के बाद भी जब अंदर से कोई जवाब नहीं आया, तो लोग पिछले दरवाजे से कमरे के अंदर दाखिल हुए। अंदर का नजारा देखकर सभी के पैरों तले जमीन खिसक गई।अमन का शव पंखे के सहारे फंदे से झूल रहा था।
लोगों ने तुरंत इस घटना की सूचना लम्बागांव पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी है, जो भटिंडा से लम्बागांव के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस का कहना है कि परिजनों के यहां पहुंचने के बाद उनके बयानों के आधार पर ही आगामी कार्रवाई और मामले की गहनता से जांच की जाएगी।

