जयराम सरकार को सत्ता से बाहर फेंकेगी जनता : सुक्खू

Sunday, Mar 07, 2021 - 05:47 PM (IST)

मंडी  (रजनीश) : कांग्रेस विधायक व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल है। प्रदेश की जनता इस सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी। भड़याल में रविवार को आयोजित युवा पंचायत प्रतिनिधि सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित होकर पूर्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भाजपा सरकार मुख्यमंत्री के गृह जिला में घेरा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सिर्फ अपने विधानसभा क्षेत्र सराज तक सीमित होकर रह गए हैं। सराज के सिवाये दूसरे किसी भी जगह पर विकास नहीं हो रहा। ऐसा लगता है जयराम ठाकुर पूरे प्रदेश नहीं, सिर्फ सराज के ही मुख्यमंत्री हैं। मंडी जिले में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाना जयराम ठाकुर का ड्रीम प्रोजेक्ट है। जिसे वह अभी तक धरातल पर नहीं ला पाए। मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने यह घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि मंडी जिले का विकास कांग्रेस की देन है। केंद्र व प्रदेश सरकार ने सिर्फ महंगाई के मुंह में झौंकने का काम किया है। जनता त्राहि-त्राहि कर रही है, बावजूद इसके सरकार महंगाई को काबू करने के लिए कोई कदम नहीं उठा रही।
महंगाई सातवें आसमान पर पहुंच चुकी है। पेट्रो पदार्थों की कीमतें रोजाना बढ़ रही हैं। रसोई गैस की कीमतों में आए दिन इजाफा हो रहा है। सरकार का ध्यान महंगाई पर काबू पाने की तरफ बिल्कुल नहीं है। जयराम सरकार का सवा 3 साल का कार्यकाल नाकामियों भरा रहा है। यू-टर्न सरकार कोरोना से निपटने में भी नाकाम रही। संक्रमितों को अस्पतालों में उचित उपचार नहीं मिला। अब महामारी दोबारा पांव पसार रही है। देश का अन्नदाता किसान सड़कों पर रो रहा है। केंद्र सरकार को उस पर जरा भी तरस नहीं आ रहा। किसानों के साथ हो रही ज्यादतियों से राज्य के हर किसान को अवगत करवाया जाए। इस अवसर पर उनके साथ पूर्व सी.पी.एस. सोहन लाल ठाकुर, प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष निगम भंडारी, एस.सी. सेल के चेयरमैन सुरेश कुमार, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव विजय ठाकुर, पूर्व जिलाध्यक्ष पवन ठाकुर, पूर्व जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा, पूर्व प्रत्याशी जीवन ठाकुर, जिला परिषद सदस्य जसवीर ठाकुर, बलदेव ठाकुर, लाल सिंह ठाकुर व राजीव राणा उपस्थित रहे।
युकां प्रदेश भर में पंचायत सम्मेलन करके सरकार को घेरेगी
पूर्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि युवा कार्यकर्ताओं व पंचायत प्रतिनिधियों से अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की राजनीति में आने वाले समय में बड़ा बदलाव होने वाला है। युवाओं को सत्ता में बड़ी भागीदारी मिलेगी। युवा कांग्रेस कार्यकर्ता सरकार की नाकामियों को घर-घर तक पहुंचाएं। युवाओं को अधिक से अधिक संख्या में पार्टी के साथ जोड़ें। 2022 में हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनना तय है। जनता भाजपा सरकार को नकार चुकी है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस प्रदेश भर में पंचायत सम्मेलन कर सरकार के खिलाफ हल्ला बोलेगी।

News Editor

Rajneesh Himalian