अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर भावुक हो उठे प्रीणी के लोग

Sunday, Aug 16, 2020 - 09:49 PM (IST)

शिमला/मनाली (सोनू): रविवार को स्व. अटल बिहारी बाजपेयी की दूसरी पुण्यतिथि पर हिमाचल में जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित कर अटल जी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसी कड़ी में मनाली में अपने मुखिया अटल बिहारी वाजपेयी की दूसरी पुण्यतिथि पर के प्रीणी गांव के ग्रामीण भावुक हो उठे। ग्रामीणों ने अपने मुखिया की पुण्यतिथि पर कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। 5 जून, 2005 को गांव में अटल बिहारी वाजपेयी ने देवदार का पौधा लगाया था, जिसे देख ग्रामीण हर पल उनको अपने बीच पाते हैं। पुण्यतिथि में सांसद रामस्वरूप शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। सांसद ने वाजपेयी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि देश ही नहीं हिमाचल प्रदेश भी उनके योगदान को कभी नहीं भुला सकता। उनके नेतृत्व में परमाणु शक्ति में भी देश का सिर ऊंचा हुआ है। पार्टी नेता हों, संसद सदस्य हों, मंत्री हों या प्रधानमंत्री हों, वाजपेयी ने नेता, सांसद, मंत्री व प्रधानमंत्री की भूमिका में आदर्श को स्थापित किया है।

मधुरबाणी व कुशलता के कारण विरोधियों में भी प्रिय थे अटल

भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी अपनी मधुरबाणी व कुशलता के कारण विरोधियों में भी प्रिय थे। हिमाचल के उत्थान में वाजपेयी का योगदान सराहनीय है। मनाली को अपना दूसरा घर बनाने वाले अटल हमेशा प्रदेश वासियों के दिलों में राज करते रहेंगे। सांसद ने कहा कि भारत हमेशा उनकी उत्कृष्ट सेवा और हमारे राष्ट्र की प्रगति के प्रयासों को याद रखेगा।

देशभक्ति व भारतीय संस्कृति की प्रखर आवाज थे वाजपेयी

भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष धनेश्वरी ठाकुर ने वाजपेयी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी देशभक्ति व भारतीय संस्कृति की प्रखर आवाज थे। उन्होंने कहा कि मनाली के अटल प्यार को मनाली वासी हमेशा याद रखेंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष शर्मा ने कहा कि अटल जी एक राष्ट्र समॢपत राजनेता होने के साथ-साथ कुशल संगठक भी थे, जिन्होंने भाजपा की नींव रख उसके विस्तार में एक अहम भूमिका निभाई और करोड़ों कार्यकर्ताओं को देश सेवा के लिए प्रेरित किया।

अटल के योगदान को कभी नहीं भूल सकती मनाली

मनाली मंडल के अध्यक्ष दुर्गा ठाकुर ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि मनाली अटल के योगदान को कभी नहीं भूल सकती। ग्राम पंचायत प्रीणी प्रधान शिव दयाल ठाकुर व पूर्व प्रधान ठाकुर दास ने अपने मुखिया को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि अटल जी हमेशा उनकी यादों में उनके साथ रहेंगे। उन्होंने बताया कि ग्रामीण आज अपने मुखिया की पुण्यतिथि में उन्हें याद कर भावुक हो उठे हैं।

Vijay