सरकार की रैली में आने वाले लोगों को मुफ्त मिलेगा वाटर ए.टी.एम. का पानी

Thursday, Dec 26, 2019 - 10:11 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): प्रदेश सरकार के 2 साल का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर 27 को रिज मैदान पर होने वाली रैली के लिए नगर निगम ने पुख्ता प्रबंधन कर लिए हैं। रैली में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए रिज पर लगे वाटर ए.टी.एम. को एम.सी. ने फ्री कर दिया है। इसके तहत लोग नि:शुल्क यहां से पानी पी सकेंगे। इसके अलावा रिज पर पानी की उचित व्यवस्था के लिए जगह-जगह पर नल लगाए गए हैं, साथ ही रिज पर 10 प्री-फैब्रिकेटिड मोबाइल टॉयलेट भी एम.सी. ने स्थापित कर दिए हैं ताकि लोगों को शौचालय की सुविधा मिल सके। नगर निगम ने प्रदेश सरकार की रैली को लेकर माल रोड व रिज के आसपास के ई-टॉयलेट को भी फ्री कर दिया है। रैली के दिन लोगों से पैसे चार्ज नहीं किए जाएंगे।

बुधवार को नगर निगम प्रशासन ने रैली के इंतजामों को लेकर सभी विभागों के अधिकारियों के साथ विशेष बैठक कर उचित दिशा-निर्देश दिए हैं। निगम संयुक्त आयुक्त अजीत भारद्वाज ने कहा कि प्रदेश सरकार की रैली को लेकर सभी विभागों को पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं। रैली के दिन रिज पर लगे वाटर ए.टी.एम. से लोग नि:शुल्क पानी भर सकते हैं। इसके अलावा माल रोड व रिज पर लगे ई-टायलेट का प्रयोग करने पर लोगों से पैसे चार्ज नहीं किए जाएंगे। वहीं शहर में रैली से पहले और बाद में सफाई व्यवस्था का जिम्मा स्वास्थ्य विभाग को दिया गया है। 27 को होने वाली रैली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर रहे हैं। ऐसे में प्रशासन तैयारियों में लगा हुआ है।

 

kirti