बच्चों के बाहर भागते ही एक-एक कर 3 सिलैंडर ब्लास्ट

punjabkesari.in Tuesday, Mar 21, 2023 - 11:38 PM (IST)

पतलीकूहल (संजीव जैन): पर्यटन नगरी मनाली के साथ लगते सियाल गांव में खोखों में अचानक आग लग गई। मकान में जब आग लगी तो घर के अंदर छोटे-छोटे 5 बच्चे थे जोकि सभी भाग्यशाली रहे। बच्चों के बाहर भागते ही एक-एक करके 3 सिलैंडर फटे, जिससे पलभर में खोखे राख हो गए। मकान मालिक सहित 3 परिवारों को 1 लाख से अधिक का नुक्सान हुआ है। अग्निशमन केंद्र प्रभारी प्रेम ने बताया कि सियाल गांव के समीप होटल हिमालयन के पास लकड़ी से बने खोखे में आग लगने की सूचना मिली, जिस पर दलबल सहित टीम मौके पर पहुंची तथा होटल के स्विमिंग पूल से पम्प से पानी छोड़ कर आग को बुझाया। इस आग से रोहित शर्मा गांव सियाल का खोखा जल गया।

इस खोखे में लालू पुत्र मनवीर और नरेश पुत्र मोवन वी.पी.पी. चामुंडा नगर जिला देहलिन नेपाल के 2 परिवार रहते थे। आग से कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ, लेकिन नेपाली परिवार का अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। साथ लगते ओम प्रकाश गोयलु के बगीचे में भी 5 पेड़ आग की चपेट में आए हैं। आग लगने से 1 लाख से अधिक का नुक्सान हुआ है। एस.डी.एम. मनाली रमन शर्मा ने कहा कि नुक्सान का जायजा लिया जा रहा है। प्रभावित परिवार को फौरी राहत दे दी गई है। डी.एस.पी. के.डी. शर्मा ने कहा कि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News

Recommended News