BJP नेत्री से दुर्व्यवहार पर बलदेव भंडारी को पार्टी का Notice, 7 दिन में देना होगा जवाब

Thursday, May 09, 2019 - 09:25 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष बलदेव भंडारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उनको यह नोटिस भाजपा नेत्री दयाल प्यारी के साथ दुर्व्यवहार करने और जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित करने के आरोप के चलते थमाया गया है। नोटिस का उन्हें 7 दिन के भीतर जवाब देने को कहा गया है। नोटिस के माध्यम से पार्टी उनका पक्ष जानना चाहती है। नोटिस में बलदेव भंडारी से पूछा गया है कि इन आरोपों को देखते हुए क्यों न उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाए।

सोशल मीडिया में वायरल हुई पोस्ट

उल्लेखनीय है कि इससे संबंधित उनकी एक पोस्ट सोशल मीडिया में भी वायरल हुई है। इसमें वह मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ मंच सांझा करते समय महिला नेत्री को धक्का देते दिखाए गए हैं। इसे सोशल मीडिया में कई लोगों की तरफ से शेयर भी किया गया है तथा विपक्ष इस पर भाजपा को खरी-खोटी सुना रहा है।

भाजपा नेत्री ने भी लगाया आरोप

भाजपा नेत्री ने भी आरोप लगाया है कि उनके साथ दुर्व्यवहार करने के अलावा जातिसूचक शब्द कहे गए जिसके बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने इसका संज्ञान लेते हुए किसान मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष बलदेव भंडारी को कारण बताओ नोटिस जारी करके 7 दिन के भीतर अपना पक्ष रखने को कहा है।

Vijay