Kangra: 2 गोल्ड मेडल जीतने के बाद मां ज्वाला के दरबार पहुंचे पैरा एथलीट निषाद कुमार, परिवार संग शीश नवाकर पूरी की मन्नत
punjabkesari.in Sunday, Nov 29, 2026 - 07:05 PM (IST)
ज्वालामुखी (कौशिक): एशियन पैरा गेम्स 2026 में दो स्वर्ण पदक जीतकर देश और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करने वाले पैरा एथलीट निषाद कुमार रविवार को परिवार सहित शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मां ज्वाला की दिव्य ज्योतियों के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और अपनी मन्नत पूरी की।
प्रतियोगिता में जाने से पहले मांगी थी स्वर्ण पदक की मन्नत
गौरतलब है कि निषाद कुमार ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में लंबी कूद और ऊंची कूद स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए हैं। निषाद कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में हिस्सा लेने जाने से पहले उन्होंने मां ज्वाला के दरबार में स्वर्ण पदक जीतने की मन्नत मांगी थी। माता रानी का आशीर्वाद मिलने और खेलों में ऐतिहासिक सफलता हासिल करने के बाद अब वह परिवार सहित मां के चरणों में आभार जताने और दर्शन करने पहुंचे हैं।
मंदिर प्रशासन ने चुनरी और सिरोपा भेंट कर किया सम्मानित
शक्तिपीठ पहुंचने पर मंदिर के पुजारी वर्ग द्वारा निषाद कुमार और उनके परिवार की विधिवत पूजा-अर्चना करवाई गई। इस अवसर पर देश का गौरव बढ़ाने वाले पैरा एथलीट निषाद कुमार को मंदिर प्रशासन की ओर से माता की पावन चुनरी और सिरोपा भेंट कर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

