पेपर लीक मामला : हमीरपुर में कर्मचारियों और दलाल के ठिकानों पर विजिलैंस की छापेमारी

Friday, Dec 30, 2022 - 11:30 PM (IST)

शिमला (रमेश सिंगटा): जेओए आईटी पेपर लीक मामले में स्टेट विजिलैंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो की जांच की आंच कर्मचारी चयन आयोग के कई कर्मचारियों तक पहुंच गई है। शुक्रवार को इस संबंध में विजिलैंस की टीम ने एक दलाल समेत कई कर्मचारियों के ठिकानों पर छापेमारी की। इस छापेमारी से आयोग में हड़कंप मच गया है। छापेमारी के दौरान कई परीक्षाओं के पेपर बरामद हुए हैं। विजिलैंस की सर्च देर रात तक जारी रही। यह पेपर किन-किन परीक्षाओं के थे, इनके कोड के आधार पर इसका पता लगाया जाएगा। विजिलैंस ने यह कार्रवाई गिरफ्तार किए गए 6 आरोपितों से हुई पूछताछ के आधार पर की है। विजिलैंस की एडीजीपी सतवंत अटवाल ने छापेमारी की पुष्टि की है। 

पेपर लीक मामले में कर्मचारियों की संलिप्तता 
इस कार्रवाई से कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से आयोजित होने वाली कई और परीक्षाएं संदेह के घेरे में आ गई हैं। जांच से खुलासा हुआ है कि पेपर लीक मामले में कर्मचारियों की संलिप्तता पाई जाती थी। इन परीक्षाओं के पेपर का लाखों रुपए में सौदा होता था। जिन कर्मचारियों के ठिकानों पर सर्च की गई है, अब उन पर गिरफ्तारी की भी तलवार लटक गई है। जांच एजैंसी उनकी जल्द गिरफ्तारी कर सकती है। अब तक हुई जांच से पता चला है कि कई परीक्षाओं के पेपर लीक हुए थे। इस संबंध में विजीलैंस के पास कई शिकायतें आई हुई हैं। अगर सभी शिकायतों को आधार मानें तो 1 दर्जन से अधिक परीक्षाओं के पेपर लीक हुए थे। हालांकि इन शिकायतों को अभी वैरीफाई किया जा रहा है। जांच में पेपर लीक मामले के तौर-तरीकों का पता लगाया जा रहा है। लीक करने वाले गिरोह का नैटवर्क प्रदेश में कहां-कहां था, इसकी भी जांच होगी।

आयोग का कामकाज सस्पैंड, खुलासे होने शुरू
प्रदेश सरकार ने कुछ दिन पहले ही कर्मचारी चयन आयोग का कामकाज सस्पैंड कर दिया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दावा जताया था कि आने वाली जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे होंगे। अब धीर-धीरे ये खुलासे होने शुरू हो गए हैं।

आय से अधिक मामलों की भी हो रही है जांच 
विजिलैंस ने जिन 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया था, उनकी आय से अधिक संपत्ति मामले की भी जांच हो रही है। उनकी आय के ज्ञात स्रोतों का पता लगाया जा रहा है। इनके बैंक खाते पहले ही सीज कर दिए गए हैं। इन खातों की अलग से जांच की जा रही है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay