Sirmour: माजरा और राजगढ़ में चिट्टे की खेप के साथ 3 गिरफ्तार
punjabkesari.in Monday, Aug 17, 2026 - 10:19 PM (IST)
पांवटा साहिब/राजगढ़ (कपिल/ निस): सिरमौर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए माजरा और राजगढ़ थाना क्षेत्रों में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में कुल 9.28 ग्राम चिट्टा (हैरोइन) बरामद किया है। पुलिस के अनुसार पहले मामले में पुलिस थाना माजरा की टीम मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ गश्त पर थी। इसी दौरान टीम जगतपुर चौक के पास मौजूद थी, जहां पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मोहम्मद इकराम पुत्र मोहम्मद हनीफ निवासी गांव जगतपुर, डाकघर मिश्रवाला, तहसील पांवटा साहिब अपने घर से नशा बेचने का कथित तौर पर धंधा करता है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसके घर पर तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस ने मोहम्मद इकराम के कब्जे से 8 ग्राम चिट्टा (हैरोइन) बरामद किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पुलिस थाना माजरा में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
दूसरी कार्रवाई राजगढ़ पुलिस की डिटैक्शन सैल टीम ने की। पुलिस टीम मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ गश्त पर थी और श्मशानघाट राजगढ़ के समीप मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस ने श्मशानघाट की ओर जाने वाले रास्ते में दो युवकों को संदिग्ध परिस्थितियों में बैठे हुए देखा। पुलिस के अनुसार दोनों युवकों में से एक के हाथ में इंसुलिन की सिरिंज थी, जबकि दूसरे के पैरों के पास माचिस की डिब्बी रखी हुई थी। पुलिस द्वारा सिरिंज के संबंध में पूछताछ किए जाने पर दोनों युवक घबरा गए और कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।
पूछताछ के दौरान दोनों ने अपनी पहचान विवेक चौहान निवासी गांव धारनू, डाकघर जयहर, तहसील पच्छाद और शुभम कमल निवासी राजगढ़ के रूप में बताई। पुलिस टीम ने दोनों की तलाशी ली, जिसके दौरान उनके कब्जे से 1.28 ग्राम चिट्टा (हैरोइन) बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ पुलिस थाना राजगढ़ में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस द्वारा दोनों मामलों में मादक पदार्थ की सप्लाई के स्रोत और इससे जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

