पालमपुर नगर निगम का टैक्स फ्री बजट पेश, जानें शहर के लिए क्या-क्या हुईं घोषणाएं?
punjabkesari.in Saturday, Mar 28, 2026 - 12:00 AM (IST)
पालमपुर (भृगु): नगर निगम पालमपुर ने आय से अधिक व्यय का प्रावधान किया है यानि घाटे के बजट के बावजूद किसी नए कर का प्रावधान नहीं किया गया है और न ही किसी वर्तमान कर की दरों में बढ़ौतरी प्रस्तावित की गई है। प्रस्तावित बजट में नगर निगम पालमपुर ने वित्त वर्ष 2026-27 में केंद्रीय व राज्य सरकारों से मिलने वाली ग्रांट इन एड के साथ-साथ अपने स्त्रोतों से 36 करोड़ 2 लाख व 78 हजार की आय का आकलन किया है जबकि वित्त वर्ष 2026-27 में नगर निगम ने 39 करोड़ 59 लाख के समग्र बजट का प्रावधान किया है।
यहां से होगी आय
नगर निगम द्वारा प्रस्तावित बजट में टैक्स रैवेन्यू के रूप में 78 लाख, असाइन रैवेन्यू एंड कंपनसेशन के रूप में 17 लाख तथा नगर निगम की किराए पर दी गई परिसंपत्तियों से 56 लाख फीस तथा यूजर चार्जिज से 2 करोड़ 1 लाख 1000 सेल तथा हायर चार्ज से 5 लाख 67 हजार, निवेश से 60 लाख, ब्याज से 80 लाख तथा अन्य स्रोतों से 13.6 लाख की आय अर्जित करने का लक्ष्य रखा है। इस प्रकार नगर निगम ने अपने स्रोतों से 5 करोड़ 12 लाख 78000 रुपए की आय की प्रस्तावना की है जबकि गत वर्ष यह प्रस्तावना 3 करोड़ 52 लाख 65000 की थी। वहीं ग्रांट व अन्य के माध्यम से 30 करोड़ 90 लाख प्राप्त होने का आकलन किया है। गत वर्ष यह धनराशि 19 करोड़ 74 लाख 82 हजार थी। इस प्रकार नगर निगम ने 36 करोड़ 2 लाख 78000 की आय का आकलन किया है जबकि इसके विपरीत वर्ष 2026 27 में राज्य एवं केंद्र प्रायोजित योजना के माध्यम से प्राप्त अनुदान को मिलाकर 39.59 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इस प्रकार 3 करोड़ 57 लाख रुपए घाटे का बजट नगर निगम ने इस चुनावी वर्ष में प्रस्तुत किया है। वर्ष 2025-26 के पारित बजट में 36.8 करोड़ का बजट व्यय हेतु रखा गया था जिसमें से 23.35 करोड़ रुपए के कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं जबकि श्रेष्ठ धनराशि अभी व्यय की जानी है तथा उन पर कार्य जारी होने की बात कही गई है।
ऐसे बढ़ाएंगे विकास की गति
नगर निगम के महापौर गोपाल नाग ने 11 बजकर 21 मिनट पर बजट भाषण पढ़ना आरंभ किया तथा एक घंटे के बजट भाषण में उन्होंने घोषणा की कि नगर निगम पालमपुर ने गत वर्षों में आम जनता पर किसी भी प्रकार का नया कर नहीं लगाया है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए वित्तीय वर्ष 2026-27 का यह बजट भी पूर्णतः टैक्स फ्री प्रस्तुत किया जा रहा है। इस वर्ष भी नगर निगम द्वारा जनता पर किसी प्रकार का नया कर नहीं लगाया जाएगा, अपितु उपलब्ध संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
सौंदर्यीकरण थीम पर आधारित बजट
पालमपुर में क्लॉक टावर का निर्माण 20 लाख रुपए की लागत से किया जाएगा। यह टावर पांरपरिक पहाड़ी वास्तुकला का प्रतीक बनेगा और शहर के मुख्य लैंडमार्क के रूप में अपनी पहचान स्थापित करेगा। वहीं रिटेंनिग वाल पर कलात्मक चित्रकारी के माध्यम से सामाजिक एवं सांस्कृतिक संदेश दिए जाएंगे जबकि पार्कों का आधुनिकीकरण और हरित क्षेत्र विकास कार्यक्रम को आगे बढ़ाया जाएगा। झील निर्माण एवं कृत्रिम झील विकास से पर्यटन और स्थानीय आकर्षण को बढ़ावा मिलेगा। एशियन डिवैल्पमैंट बैंक के सहयोग नगर निगम पालमपुर के सौंदर्यीकरण हेतु एच.आर.टी.सी. पार्किंग, नगर निगम पार्किंग और एक आधुनिक पर्यटक सूचना केंद्र का निर्माण किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त पालमपुर शहर के व्यापक सौंदर्यीकरण के लिए एशियन डिवैल्पमैंट बैंक द्वारा 50 करोड़ की अतिरिक्त राशि का प्रावधान किया गया है।
टी हैरिटेज स्मारक होगा विकसित
अपने सुदंर चाय बागानों और समृद्ध चाय संस्कृति की सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2026-27 में नगर निगम द्वारा शहर के किसी प्रमुख स्थान पर टी हैरिटेज स्मारक विकसित करने का प्रस्ताव रखा जा रहा है जिसके लिए 10 लाख की धनराशि का प्रावधान किया गया है। यह स्मारक पालमपुर की चाय उद्योग से जुड़ी ऐतिहासिक पहचान को दर्शाएगा। इस परियोजना के अंतर्गत चाय की पत्ती अथवा चाय के कप की आकृति पर आधारित एक विशेष संरचना व इंस्टॉलेशन स्थापित की जाएगी जिसके आसपास हरियाली, आकर्षक लाइटिंग, बैठने की व्यवस्था तथा फोटो प्वाइंट विकसित किए जाएंगे।
कालीबाड़ी मंदिर में भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण
पालमपुर के प्रसिद्ध कालीबाड़ी मंदिर में इस पवित्र स्थान की दिव्यता और गरिमा को और अधिक भव्यता प्रदान करने के लिए नगर निगम ने इस वर्ष मंदिर प्रवेश द्वार के नवनिर्माण का प्रस्ताव रखा है। इस भव्य द्वार का निर्माण 10 लाख रुपए की लागत से किया जाएगा।
स्वच्छ शहर-समृद्ध शहर अभियान
नगर निगम पालमपुर द्वारा नागरिकों को ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध करवाने, शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा पालमपुर की सुंदरता को बनाए रखने के उद्देश्य से स्वच्छ शहर-समृद्ध शहर अभियान के अंतर्गत देश के टॉप-100 शहरों में स्थान प्राप्त करने का लक्ष्य रखा है।
कचरा संयंत्र प्लांट को किया जाएगा सुदृढ़
पालमपुर में वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन हेतु वित्तीय वर्ष 2026-27 में कचरा संयंत्र प्लांट को सुदृढ़ करने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके अंतर्गत संयंत्र में नए शैड के निर्माण तथा आधुनिक मशीनरी स्थापित करने की योजना बनाई है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में कचरा संयंत्र प्लांट को सुदृढ़ करने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके अंतर्गत संयंत्र में नए शैड के निर्माण तथा आधुनिक मशीनरी स्थापित करने की योजना बनाई है। नगर निगम ने अब तक एकत्रित लगभग 1800 मीट्रिक टन प्लास्टिक कचरे को वैज्ञानिक तरीके से प्रोसैस कर सीमैंट प्लांट को भेजा है। इस पूरी प्रक्रिया पर नगर निगम द्वारा लगभग 12 लाख रुपए का व्यय किया गया, इसके अतिरिक्त 4500 मीट्रिक टन लीगेसी वेस्ट को प्रोसैस किया गया।
सफाई व्यवस्था के लिए 4 करोड़
सफाई व्यवस्था को कायम रखने के उद्देश्य से लगभग 3.60 करोड़ की वार्षिक राशि खर्च की जा रही है जबकि कूड़ा एकत्रीकरण का शुल्क लगभग 58 लाख रुपए ही लोगों से एकत्रित हो रहा है। आगामी बजट में 4 करोड़ रुपए का प्रावधान प्रस्तावित किया गया है। डोर टू डोर गारबेज कलैक्शन के तहत वर्तमान में नगर निगम 90 प्रतिशत घरों तक पहुंच बनाने में सफल रहा है, वहीं शेष 10 प्रतिशत को भी कवर करने का लक्ष्य रखा गया है।
मंदिरों का होगा जीर्णोद्धार
नगर निगम ने मंदिरों के जीर्णोद्धार हेतु 30 लाख रुपए का प्रावधान किया है ताकि इन धार्मिक स्थलों की गरिमा एवं स्वरूप को संरक्षित व सुदृढ़ किया जा सके। वहीं क्षेत्र के सभी श्मशानघाटों के सुधार एवं जीर्णोद्धार के लिए भी 20 लाख की राशि का प्रावधान किया गया है।
विकास कार्यों को 7 करोड़ का बजट
वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 7 करोड़ रुपए के बजट का प्रावधान प्रस्तावित किया है। यह बढ़ा हुआ आबंटन सभी वार्डों के विकासात्मक कार्यों जिसमें आपदा में डंगों की मुरम्मत व निर्माण, सड़कों, फुटपाथ व रास्तों की मुरम्मत, नवीनीकरण, नालियों की मुरम्मत, नवीनीकरण, पुलों का निर्माण व नवीनीकरण, रेन शैल्टर का निर्माण आदि कार्यों में व्यय किया जाएगा जोकि पालमपुर को एक आधुनिक और सुविधायुक्त नगर बनाने की दिशा में हमारे अटूट संकल्प को दर्शाता है।
5 करोड़ से बनेगा मल्टीपर्पज इंडोर स्टेडियम
5 करोड़ की लागत से एक मल्टीपर्पज इंडोर स्टेडियम का निर्माण आगामी वर्ष में किया जाएगा। वित्त वर्ष 2026-27 में इस स्टेडियम का निर्माण कार्य पूरी गति के साथ संपन्न किया जाएगा जो पालमपुर की खेल संस्कृति में एक नया अध्याय जोड़ेगा।
रेहड़ी-फड़ी वालों के लिए पुनर्वास योजना
नगर निगम पालमपुर द्वारा शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने व स्ट्रीट वैंडरों को व्यवस्थित और सम्मानजनक स्थान उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रस्तावना की गई है। इसके अंतर्गत गुरुद्वारा रोड पर स्थित सभी स्ट्रीट वैंडरों के पुनर्वास की योजना बनाई गई है। इन वैंडरों को वर्तमान में निर्माणाधीन बस स्टैंड के समीप नई पार्किंग में स्थानांतरित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त नगर निगम द्वारा अन्य जगहों पर भी इस योजना को क्रियान्वित किया जाएगा।
नगर निगम क्षेत्र के भीतर शुरू होगी मुद्रिका बस सेवा
नगर निगम पालमपुर के क्षेत्र में बढ़ती जनसंख्या, यातायात दबाव तथा नागरिकों की दैनिक आवागमन की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए वित्तीय वर्ष 2026-27 में नगर निगम क्षेत्र के भीतर मुद्रिका बस सेवा प्रारंभ करने के लिए 50 लाख रुपए का प्रस्ताव रखा जा रहा है। इस सेवा का उद्देश्य नगर निगम के विभिन्न वार्डों, प्रमुख बाजारों, शैक्षणिक संस्थानों, अस्पतालों तथा अन्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों को एक नियमित सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था के माध्यम से आपस में जोड़ना है। इससे आम नागरिकों, विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों तथा कर्मचारियों को सस्ती, सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
पुराने बस स्टैंड के दुकानदारों का होगा पुनर्वास
पुराने बस स्टैंड में कुछ दुकानें जर्जर स्थिति में थीं और उन्हें डिस्मैंटल किया जाना है। इनके पुनर्वास और उनके व्यापार को पुनः स्थापित करने के लिए इस बजट में 50 लाख रुपए का विशेष प्रावधान प्रस्तावित किया गया है और आगे भी धन की कोई कमी नहीं होगी।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) में 460 मकान स्वीकृत
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत कुल 460 मकान स्वीकृत किए जा चुके हैं, जिनमें से 4.93 करोड़ रुपए की लागत से 267 परिवारों के आशियाने बना दिए गए हैं जबकि 193 लाभार्थियों के घरों का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण होने की ओर अग्रसर है। नगर निगम बनने के बाद 267 मकान पूर्ण किए जा चुके हैं तथा 193 मकानों का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण होने जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2025 26 में ही अब तक 113 नए आशियाने बनाए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को 250,000 रुपए की राशि किस्तों में उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि वे अपने घरों का निर्माण सुचारू रूप से पूरा कर सकें। सितम्बर 2025 में 76 लाभार्थियों ने अपने घरों का निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया है तथा उन्हें 41 लाख 30 हजार रुपए की पहली किस्त भी उपलब्ध करवाई जा चुकी है।
केंद्र को प्रस्ताव भेजने का निर्णय
नगर निगम पालमपुर द्वारा दो भाइयों के संयुक्त परिवार, जिनके पास बहुत कम भूमि उपलब्ध है और दोनों भाई आवास योजना के लाभार्थी हैं, परंतु भूमि की कमी के कारण अलग-अलग आवास संभव नहीं हो पाता। इस समस्या के समाधान हेतु नगर निगम द्वारा भारत सरकार को एक प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया है जिसमें अनुरोध किया जाएगा कि ऐसे पात्र परिवारों को विशेष अनुमति प्रदान की जाए ताकि वे अपनी उपलब्ध सीमित भूमि पर दोमंजिला आवास का निर्माण कर सकें। इस व्यवस्था के अंतर्गत ग्राऊंड फ्लोर पर एक भाई व पहले तल पर पर दूसरे भाई के लिए अलग-अलग आवास की सुविधा विकसित की जा सकेगी।
बेसहारा पशुओं के लिए बनेगा गौ अभ्यारण्य
नगर निगम द्वारा भविष्य में गौ अभ्यारण्य स्थापित करने की योजना भी प्रस्तावित है। अब तक लगभग 68 बेसहारा पशुओं को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जा चुका है, जिस हेतु लगभग राशि 1.74 लाख रुपए खर्च किए जा चुके हैं। नगर निगम के सभी वार्डों के बेसहारा पशुओं के कास्ट्रेशन के लिए 5 लाख रुपए का प्रावधान रखा गया है। मंकी स्टरलाइजेशन कार्यक्रम के लिए 200 लाख रुपए का प्रावधान रखा गया है। इसके अतिरिक्त नगर निगम द्वारा स्लाटर हाऊस व अबैटॉयर के लिए भूमि चयन की प्रक्रिया भी प्रारम्भ की जा रही है जबकि आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से डॉग स्टरलाइजेशन एवं एंटी-रैबीज वैक्सीनेशन कार्यक्रम के लिए 8 लाख रुपए का प्रावधान रखा गया है।

