Kangra: 10 हजार से अधिक भारतीयों की सुरक्षित वापसी से फिर साबित हुई मजबूत विदेश नीति : परमार

punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2026 - 06:55 PM (IST)

पालमपुर (भृगु): विधायक विपिन सिंह परमार ने मिडिल ईस्ट में उत्पन्न युद्ध जैसे हालातों के बीच भारतीय नागरिकों की बड़े पैमाने पर सुरक्षित वापसी पर केंद्र सरकार की सराहना करते हुए कहा है कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सशक्त, निर्णायक और प्रभावशाली विदेश नीति का जीवंत उदाहरण है। परमार ने कहा कि ईरान और इसराईल के बीच बढ़ते संघर्ष ने पूरे खाड़ी क्षेत्र को अस्थिर कर दिया है। ऐसी विषम परिस्थितियों में भी भारत सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक खाड़ी देशों से करीब 10 हजार भारतीयों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की है।

इनमें से लगभग 3 हजार भारतीय केवल ईरान से विशेष विमानों के माध्यम से स्वदेश लाए गए हैं। उन्होंने बताया कि कुवैत से करीब 2,500 भारतीय, लेबनान की राजधानी बेरुत से 1,500 से अधिक भारतीय, जबकि यूएई और कतर से लगभग 3 हजार भारतीय सुरक्षित भारत लौट चुके हैं। यह आंकड़े स्वयं सिद्ध करते हैं कि संकट की घड़ी में मोदी सरकार अपने प्रत्येक नागरिक के साथ चट्टान की तरह खड़ी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News