पद्मश्री चरणजीत सिंह पंचतत्व में विलीन, राजकीय सम्मान के साथ दी अंतिम विदाई

punjabkesari.in Thursday, Jan 27, 2022 - 09:23 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): विख्यात हॉकी खिलाड़ी पद्मश्री चरणजीत सिंह का अंतिम संस्कार आज पूरे सम्मान के साथ ऊना में किया गया। इस अवसर पर उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर, छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, विधायक सतपाल सिंह रायजादा, एचपीएसआईडीसी उपाध्यक्ष प्रो. राम कुमार, जिला परिषद उपाध्यक्ष कृष्ण पाल शर्मा, डीसी राघव शर्मा, एसपी अर्जित सेन ठाकुर, विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, हिमोत्कर्ष के प्रदेशाध्यक्ष जितेन्द्र कंवर, प्रैस क्लब के पदाधिकारी व ऊना जनहित मोर्चा से राजीव भनोट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व शहर के अन्य गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सायं साढ़े 5 बजे चरणजीत सिंह के पार्थिव शरीर को उनके बेटे वीएन सिंह ने पारिवारिक सदस्यों की उपस्थिति में मुखाग्नि दी।

1964 के टोक्यो ओलिम्पिक में दिलाया था स्वर्ण पदक

चरणजीत सिंह पिछले कुछ वर्षों से बीमार चल रहे थे और वीरवार सुबह 5 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। वर्ष 1964 के टोक्यो ओलिम्पिक हॉकी स्वर्ण पदक विजेता टीम के कप्तान रहे चरणजीत सिंह को अर्जुन अवार्ड व पद्मश्री पुरस्कार से अलंकृत किया गया था। जिला ऊना के नैहरियां में जन्मे चरणजीत सिंह लायलपुर एग्रीकल्चर काॅलेज से बीएससी कृषि की उपाधि हासिल करते हुए वर्ष 1949 में पहली बार यूनिवर्सिटी की तरफ से हॉकी खेले तथा 1958 से 1965 तक लगातार देश का प्रतिनिधित्व किया। चरणजीत सिंह ने 1960 व 1964 के 2 ओलिम्पिक्स तथा एक एशियन स्पर्धा में भाग लिया जबकि 1964 ओलिम्पिक में स्वर्ण पदक विजेता हॉकी ओलिम्पिक टीम के कप्तान रहे। सैंटर हाफ चरणजीत सिंह 60 के दशक के धुरंधर हॉकी खिलाड़ियों में गिने जाते थे। उनके नेतृत्व में भारत ने 1963 में फ्रांस में यूरोपियन प्रैस ज्यूरी के तत्वावधान में आयोजित इंटरनैशनल हॉकी प्रतियोगिता में अभूतपूर्व जीत दर्ज की थी।

पंजाब पुलिस में एएसआई के रूप में हुए थे भर्ती

पद्मश्री चरणजीत सिंह पंजाब पुलिस में एएसआई के रूप में भर्ती हुए तथा 14 साल की नौकरी के बाद डीएसपी पद से सेवानिवृत्ति ले ली। इसके बाद लुधियाणा कृषि विश्वविद्यालय में उपनिदेशक स्टूडैंट वैल्फेयर व हिसार कृषि विश्वविद्यालय में 7 साल काम किया। वर्ष 1972 में हिमाचल प्रदेश में नौकरी की शुरूआत प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला में निदेशक फिजिकल एजुकेशन व यूथ प्रोग्राम के रूप में की।

सीएम व नेता प्रतिपक्ष ने जताया शोक

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने टोक्यो ओलिम्पिक-1964 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम के पूर्व कप्तान पद्मश्री चरणजीत सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। वहीं नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने पद्मश्री चरणजीत सिंह के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि पद्मश्री चरणजीत सिंह की कमी को कभी पूरा नहीं किया जा सकेगा। उन्होंने भगवान से चरणजीत सिंह की आत्मा को सद्गति प्रदान करने और शोक संतप्त परिवार को धैर्य प्रदान करने की भी प्रार्थना की है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News