हिमाचल में ठंड का कहर जारी, शिमला सहित 9 शहरों का माइनस में पहुंचा न्यूनतम तापमान

Friday, Jan 10, 2020 - 11:16 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में हाड़ कंपा देने वाली ठंड से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पूरे प्रदेश में खून जमा देने वाली सर्दी पड़ रही है। पिछले कई दिनों से राजधानी शिमला और मनाली का पारा शून्य से नीचे चल रहा है। शिमला सहित राज्य के 9 शहरों में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। लाहौल-स्पीति का केलांग शुक्रवार को सबसे ठंडा स्थल रहा, जहां पारा -17 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस सीजन में पहली बार केलांग में पारा इस स्तर पर पहुंचा है। जबरदस्त सर्दी से लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। राज्य के पर्यटन स्थलों के साथ-साथ मैदानी इलाकों में भी लोग सर्दी से कांप रहे हैं।

राज्य के अधिकांश भागों में शुक्रवार को धूप खिलने से मौसम सुहावना हो गया है। पर्यटन नगरों शिमला व मनाली में पर्यटक गुनगुनी धूप का लुत्फ  उठा रहे हैं। शुक्रवार को मनाली में न्यूनतम तापमान -7.6 डिग्री, कल्पा में -6.4 डिग्री, कुफ री में -2.6 डिग्री, सुंदरनगर में -2 डिग्री, सोलन में -1.6 डिग्री और शिमला में -1.3 डिग्री सैल्सियस रहा। इसके अलावा चम्बा में शून्य, डल्हौजी में 0.2, मंडी में 1, धर्मशाला व कांगड़ा में 1.2, हमीरपुर में 3, बिलासपुर व ऊना में 3.5 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Vijay