हिमाचल में ठंड का कहर, 6 जिलों का माइनस में पहुंचा न्यूनतम तापमान

Saturday, Dec 28, 2019 - 10:37 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल में सर्दी का कहर दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। पर्वतीय इलाकों के साथ-साथ मैदानों में भी खून जमा देने वाली ठंड पड़ रही है। आधे प्रदेश में पारा शून्य से नीचे चल रहा है। उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में नदी-नाले, झरने और पानी की पाइपें तक जम गई हैं और लोगों को बर्फ  पिघलाकर पानी का इंतजाम करना पड़ रहा है। मैदानों में कोहरा और धुंध पडऩे से लोगों की मुसीबतें बढ़ गई हैं। शिमला सहित लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू, सोलन और मंडी जिलों में शुक्रवार की रात तापमान माइनस और अन्य जिलों में जमावबिंदु के करीब दर्ज किया गया। ठंड से फिलहाल राहत मिलने की संभावना नहीं है क्योंकि मौसम विभाग ने 31 दिसम्बर से 3 जनवरी तक पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है।

यह रहा न्यूनतम तापमान

लाहौल-स्पीति का केलांग सबसे ठंडा स्थल रहा, जहां न्यूनतम तापमान -11.5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है। मनाली में भी जबरदस्त ठंड पड़ रही और वहां पारा -2.6 डिग्री दर्ज किया गया। किन्नौर के कल्पा में न्यूनतम तापमान -1.8 डिग्री, सुंदरनगर में -1.9 डिग्री, कुफ री -1.5 डिग्री, भुंतर में -1.3 डिग्री और सोलन में -1 डिग्री सैल्सियस रहा। इसके अलावा चम्बा में 0.1 डिग्री, मंडी व कांगड़ा में 1.2 डिग्री, पालमपुर में 1.5 डिग्री, धर्मशाला में 2.2 डिग्री, हमीरपुर में 3.8 डिग्री, बिलासपुर व शिमला में 4 डिग्री, ऊना में 4.4 डिग्री, डल्हौजी में 5.1 डिग्री और नाहन में 6.1 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम के साफ  रहने की संभावना जताई है। इससे दिन में तो ठंड से निजात मिलेगी, लेकिन रात के तापमान में गिरावट का दौर जारी रहेगा।

क्या बोले मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि नए साल का स्वागत बर्फ बारी से होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 31 दिसम्बर को मौसम करवट लेगा और पहाड़ी इलाकों में हिमपात का दौर शुरू हो सकता है जोकि 3 जनवरी तक चलेगा। 1 व 2 जनवरी को मैदानी इलाकों में भी गरज के साथ बारिश का अनुमान है।             

Vijay