मंडी के सराज में अफीम की खेती का पर्दाफाश, 2 के खिलाफ मामला दर्ज

Thursday, Jun 04, 2020 - 11:05 PM (IST)

गोहर (ब्यूरो): मंडी जिला में जंजैहली पुलिस ने सराज के छतरी में अफीम की खेती करने के आरोप में 2 लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं। जानकारी के अनुसार पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्यकारी थाना प्रभारी मोहन जोशी की अगुवाई में रछौड़ गांव में छापा मारा तो वहां पर 2 लोगों के खेत से 10,782 अफीम के अवैध पौधे बरामद किए जिसके बाद इस अवैध कारोबार में जुटे लोगों में हड़कंप मच गया है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में पकड़ी गई अवैध अफीम की खेती से बरामद माल की कीमत लाखों रुपए में बताई जा रही है।

कार्यकारी थाना प्रभारी मोहन जोशी ने बताया कि मुहाल रूटयाला पटवार सर्कल उतरी मगरू उप तहसील छतरी के खसरा नम्बर-190 और 194 से 7212 और 3570 अफीम के पौधे बरामद किए हैं। मौके पर जमीन मुश्तरका तौर पर पाई गई है तथा राजस्व विभाग से निशानदेही करवाने और बनादारों की कृषक पुष्टि के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव में अवैध रूप से अफीम की खेती हो रही है जिसके चलते पुलिस ने छापा मारा और फसल को उखाडऩे की कार्रवाई करते हुए इसे जब्त भी कर लिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले को तस्करी होने की आशंका के नजरिए से भी छानबीन कर रही है। पुलिस अधीक्षक मंडी गुरदेव चंद शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।

Vijay