शिमला में अफीम की खेती का भंडाफोड़, 238 पौधों सहित एक गिरफ्तार

Thursday, May 23, 2019 - 10:32 PM (IST)

नेरवा: शिमला जिला के अंतर्गत आते एक गांव में पुलिस ने अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया है। जानकारी के अनुसार नेरवा पुलिस ने थरोच के बरमाणा गांव में दबिश देकर गांव के एक व्यक्ति द्वारा अपनी मिलकीयत भूमि में भारी मात्रा में उगाए अफीम के पौधे बरामद किए हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एस.एच.ओ. नेरवा प्रदीप ठाकुर के नेतृत्व में टीम गश्त पर थरोच की तरफ निकली थी। इस दौरान टीम को भनक मिली कि थरोच के बरमाणा गांव में एक व्यक्ति अपने खेतों में अफीम की अवैध खेती कर रहा है।

238 अफीम के पौधे कब्जे में लिए

भनक मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खेतों में फूलों व अफीम के डोडे से लदे 238 अफीम के पौधे अपने कब्जे में लिए तथा चेत राम पुत्र देवी राम, गांव बरमाणा, डाकघर थरोच, तहसील नेरवा को हिरासत में लिया। पुलिस ने नेरवा थाने में एन.डी.पी.एस. की धारा 18 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। डी.एस.पी. चौपाल संतोष शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपी को वीरवार शाम तक न्यायालय में पेश किया जाएगा।

Vijay