हिमाचल में प्याज की कीमतों ने तोड़ा रिकॉर्ड, उपभोक्ताओं ने खरीदने से की तौबा

Wednesday, Dec 18, 2019 - 06:04 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश में उपभोक्ताओं को पहले से ही रुला रहे प्याज की कीमतें अब रिकॉर्ड तोड़ने लगी हैं। राजधानी के छोटा शिमला में प्याज 140 रुपए प्रतिकिलो के हिसाब से बिक रहा है। वहीं उपभोक्ताओं ने महंगे प्याज को खरीदने से तौबा कर ली है। उनका कहना है कि जीवन में इतना महंगा प्याज न कभी देखा और न खरीदा है। उन्होंने कहा कि अब सरकार से महंगाई से राहत देने की अपील के सिवाय कुछ कहने को बचा नहीं है।

अफगानी प्याज के भी बढ़े दाम

बता दें कि लोकल सब्जी मंडी में महंगे लाल प्याज को टक्कर देने पहुंचा सफेद अफगानी प्याज भी अब लाल हो गया है। सफेद प्याज के दाम में 20 रुपए का इजाफा होने के चलते अब इसकी कीमत भी 100 रुपए प्रतिकिलो पर पहुंच गई है। शिमला की लोकल सब्जी मंडी में थोक पर प्याज 120 रुपए प्रतिकिलो मिल रहा है। शहर के संजौली में सब्जी विक्रेता ने बताया कि थोक में प्याज के दाम बढ़े हैं, जिससे यहां 120 रुपए प्रतिकिलो प्याज बिक रहा है। वहीं छोटा शिमला में प्याज के दाम 130 से 140 रुपए पहुंच गए हैं।

इस वजह से बढ़ गए प्याज के दाम

हिमाचल में प्याज की सप्लाई में कमी आई है। इस वजह से एक बार फिर से दाम बढ़े हैं। रविवार को शिमला में प्याज के दाम 100 रुपए प्रतिकिलो थे लेकिन अब 120 से 140 रुपए तक पहुंच गए हैं। प्रदेश के दूसरे इलाकों में प्याज 100 रुपए प्रतिकिलो के आसपास बिक रहा है।

Vijay