वृद्ध महिला की रहस्यमयी मौत से गांव में मचा हड़कंप, पुलिस ने शव को कब्जे में लिया

Thursday, Nov 21, 2019 - 10:53 AM (IST)

मंडी (नितेश सैनी) : मंडी जिला के बल्ह उपमंडल में एक वृद्ध महिला की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दरअसल यह मामला बल्ह उपमंडल के खांदला क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह बल्ह उपमंडल के गांव खांदला में एक वृद्ध महिला की मृत्यु हो गई। मामले को लेकर बताया जा रहा है कि वृद्ध महिला के बेटे और बहू में पिछले लंबे समय से जायदाद को लेकर आपसी कहासुनी चल रही थी। वृद्ध महिला कुछ समय से वृद्ध आश्रम में रह रही थी, लेकिन दो दिन पहले ही वृद्ध महिला को बेटा और बहू घर वापस ले आए थे।

वहीं वीरवार सुबह वृद्ध महिला की खांंदला गांव में रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई है। जिसके अंतिम संस्कार की तैयारी भी हो गई थी लेकिन गांववासियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने वृद्ध महिला के शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मंडी गुरदेव चंद शर्मा ने कहा कि मामले को लेकर जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को खांदला गांव भेजा गया है। उन्होंने कहा कि महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद ही मृत्यु के असली कारण का खुलासा होगा।
 

kirti