HRTC में ओल्ड पैंशन लागू, कर्मचारियोंं का नहीं कटेगा NPS शेयर

Wednesday, May 17, 2023 - 11:51 PM (IST)

शिमला (राजेश): प्रदेश में सरकारी कर्मचारियों के बाद अब एचआरटीसी कर्मचारियोंं को पुरानी पैंशन बहाल कर दी गई है। इस संबंध में एचआरटीसी प्रबंधन ने अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना के मुताबिक एचआरटीसी कर्मचारियों से 60 दिनों के अंदर उनकी राय मांगी गई है। यानि 60 दिनों के अंदर कर्मचारियों को अपना ऑप्शन बताना होगा कि वह एनपीएस चुनना चाहते हैं या फिर पुरानी पैंशन। यदि कोई कर्मचारी पुरानी पैंशन बहाली को लेकर 60 दिन के भीतर विकल्प नहीं देता तो उनको एनपीएस के दायरे में माना जाएगा। एचआरटीसी कर्मचारियों की भी प्रदेश के अन्य सरकारी कर्मचारियों की तरह एनपीएस शेयर 1 अप्रैल, 2023 से कटना बंद होगा। इसके लिए निगम के कर्मचारियों के जीपीएफ खाते खोलने की प्रक्रिया शुरू होगी। इससे पहले प्रदेश के कर्मचारियों के वेतन से हर माह 10 फीसदी वेतन कट रहा था, जो केंद्र सरकार के पैंशन फंड रैगुलेटरी एंड डिवैल्पमैंट अथॉरिटी (पीएफआरडीए) के पास जमा हो रहा था। इसी तरह राज्य सरकार भी अपने हिस्से का 14 फीसदी अंशदान दे रही थी। इस तरह कुल मिलाकर 24 फीसदी अंशदान केंद्र सरकार की पीएफआरडीए के पास जमा हो रहा था। यानि केंद्र सरकार के पास इस समय प्रदेश के एनपीएस कर्मचारियों के अंशदान के 8 हजार करोड़ रुपए से अधिक जमा है।

शपथ पत्र में विकल्प लिखकर देना होगा
कर्मचारियों को पुरानी पैंशन लेने या एनपीएस में रहने के लिए अपना विकल्प संबंधित विभाग के शपथ पत्र में लिखकर देना होगा। इस विकल्प के लिए एक फार्म उपलब्ध भी निगम कर्मचारियों के लिए उपलब्ध करवाया है। एसओपी में सरकार ने कर्मचारियों को 1972 पैंशन के नियमों के अनुसार 50 फीसदी बेसिक वेतन और डीए देने का प्रावधान किया है, ऐसे में भर्ती एवं पदोन्नति नियमों के अनुसार ओपीएस में आने वाले कर्मचारियों को सम्मानजनक पैंशन मिलेगी। पुरानी पैंशन योजना का चयन करने वाले कर्मचारियों को भी सामान्य भविष्य निधि के तहत लाया जाएगा।

कर्मचारियों ने जताया आभार 
एचआरटीसी में पुरानी पैंशन प्रणाली की बहाली को लेकर हुई अधिसूचना के बाद कर्मचारी खुश हैं। एचआरटीसी संयुक्त समन्वय समिति के महासचिव खेमेंद्र गुप्ता और अध्यक्ष समर चौहान ने बताया कि कर्मचारियों की पुरानी पैंशन बहाली की लम्बित मांग को एचआरटीसी प्रबंधन द्वारा एचआरटीसी के एनपीएस कर्मचारियों को ओपीएस एडॉप्ट करने बारे अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसका परिवहन कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति स्वागत करती है। उन्होंने इसके लिए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का आभार भी व्यक्त किया है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay