अरे वाह! किसान ने घर में ही तैयार कर दी आम की नई किस्म
punjabkesari.in Sunday, Jul 08, 2018 - 03:53 PM (IST)

बिलासपुर: ग्राम पंचायत कोटलु ब्राह्मणा के कोटलु बिंदडय़ा गांव के किसान सूरत राम ने अपने घर के आंगन में मल्लिका आम की नई किस्म पैदा कर ली है। इस आम की खासियत यह है कि यह आम का पौधा हमेशा छोटे कद का ही रहता है तथा उसमें प्रति आम का वजन करीब एक किलो होता है। इतना ही नहीं यह आम पकने के बाद करीब एक महीना तक खराब नहीं होता है तथा यह आम दीवाली के नजदीक पेड़ पर ही पकता है। अगर इस आम को तोड़कर पकाया जाए तब यह पक तो जाता है लेकिन यह आम एक महीने तक फिर भी खराब नहीं होता है।
सहारनपुर से 10 साल पहले लाए थे 2 पौधे
सूरत राम व उनकी पत्नी कौशल्या देवी ने बताया कि इस मल्लिका आम की किस्म के दो पौधे वे सहारनपुर के भेहट नामक स्थान से करीब 10 साल पहले लाए थे तथा यह पौधा पहले साल से ही फल देने लग गया था। उन्होंने बताया कि हर साल यह पेड़ फल दे रहा है तथा हर बार एक पेड़ में करीब 50 से 60 फल दे रहा है। हालांकि पेड़ छोटा है लेकिन यह इतने ज्यादा फलों का वजन भी सहन कर रहा है बल्कि टहनियां काफी झुक जाती हैं।
आज तक पेड़ पर नहीं की कोई स्प्रे
उन्होंने कहा कि आज दिन तक न तो उन्होंने इस पेड़ पर न तो कोई दवाई स्प्रे की है तथा न ही इसको किसी बीमारी ने जकड़ा है। उन्होंने कहा कि मात्र 2 पेड़ों से उनके अपने परिवार का गुजारा भलीभांति हो जाता है।