प्रदेश कांग्रेस कुलदीप राठौर की ताजपोशी पर उमड़ा जनसैलाब, सुक्खू रहे Absent

Thursday, Jan 17, 2019 - 03:43 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में कुलदीप सिंह राठौर की गुरुवार को चौड़ा मैदान में आयोजित समारोह में ताजपोशी हुई। इस दौरान उन्हें कांग्रेस के संविधान की शपथ दिलाई गई। हैरानी की बात यह है कि पिछले 6 साल से राज्य में कांग्रेस को हांकने वाले पूर्व अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू खुद कार्यक्रम से नदारद रहे। वह राठौर की ताजपोशी में नहीं आए।


जानकारी के मुताबिक कुलदीप राठौर ने पार्टी की वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री विद्या स्टोक्स के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। उनके शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस पार्टी की हिमाचल प्रभारी रजनी पाटिल, पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह, पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री और डलहौजी की विधायक आशा कुमारी समेत पार्टी के कई बड़े नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

वीरभद्र ने कुलदीप के अध्यक्ष बनने पर जताई खुशी

पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह ने कुलदीप राठौर के अध्यक्ष बनने पर खुशी जताते हुए कहा कि जयराम सरकार एक टांग की है। उन्होंने कहा कि पता नहीं सरकार को कौन सलाह देता है। शिमला में जो सरकार बैठती है, वह पूरे प्रदेश की है या किसी एक इलाके की, पता ही नहीं चलता। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री इस मौके पर भी जयराम सरकार पर निशाना साधने से नहीं चूके। उन्होंने कहा कि हिमाचल में पहली बार इतना छोटा बजट सत्र हुआ है।

Ekta