अब लैफ्ट आऊट पी.टी.ए. शिक्षकों को रैगुलर के बराबर मिलेगा वेतन

Wednesday, Feb 13, 2019 - 11:41 PM (IST)

शिमला: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार सरकारी स्कूलों में लैफ्ट आऊट पी.टी.ए. शिक्षकों को नियमित कर्मचारियों के बराबर वेतनमान देगी। इसके साथ ही जलरक्षकों को चरणबद्ध तरीके से नियमित किया जाएगा। इसके लिए यदि आवश्यकता हुई तो नियमों में संशोधन किया जाएगा। सी.एम. ने बजट पर हुई चर्चा के जवाब में यह बात कही। उन्होंने कहा कि संबंधित शिक्षकों द्वारा सभी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद यह लाभ दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों के हितों को लेकर गंभीर है और इस दिशा में कई कदम सरकार ने उठाए भी हैं।

पैट शिक्षकों की वेतन विसंगति का भी जल्द होगा समाधान

उन्होंने कहा कि सरकार पैट शिक्षकों की वेतन विसंगति का भी जल्द समाधान करेगी। सरकार ने अनुबंध पी.टी.ए. शिक्षकों को नियमित के बराबर वेतनमान देने की घोषणा बजट में की थी, ऐसे में करीब 1320 लैफ्ट आऊट पी.टी.ए. शिक्षक इस लाभ से वंचित रह गए थे। सरकार ने निर्णय लिया है कि उन्हें भी यह लाभ दिया जाएगा।

पूर्व सरकार ने शोषण, वर्तमान सरकार ने राहत देने का प्रयास किया

मुख्यमंत्री ने कहा कि पी.टी.ए. शिक्षक पिछले कई सालों से स्कूलों में अपनी सेवाएं दे रहे थे। पूर्व सरकार ने उनका शोषण किया जबकि वर्तमान सरकार ने उन्हें राहत देने के प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने दिहाड़ीदारों की दिहाड़ी को भी बढ़ाया है। इसके साथ ही अन्य कर्मचारियों के मानदेय में भी बढ़ौतरी की गई है।

Vijay