अब मंदिरों में श्रद्धालुओं को मिलेगा हाईजीनिक भोग

Monday, Aug 26, 2019 - 12:16 PM (IST)

शिमला (राजेश): अब शहर के मंदिरों, गुरुद्वारों और धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं को हाईजीनिक भोग मिलेगा, वहीं धार्मिक स्थलों पर भोग या भंडारे का वितरण ग्लब्ज और मास्क पहनकर किया जाएगा। मंदिरों में बंटने वाले भोग में शुद्धता और बेहतर क्वालिटी का भोग वितरण हो, इसके लिए मंदिरों के प्रसाद और भोजन को केंद्र सरकार के प्रोजैक्ट भोग के दायरे में लिया जाएगा। फूड एंड स्टैंडर्ड अथॉरिटी के प्रोजैक्ट भोग के तहत सभी धार्मिक स्थलों पर प्रसाद हाईजीनिक हो, यह सुनिश्चित किया जाएगा। 

इसके लिए प्रदेशभर के फूड सैफ्टी ऑफिसर को अपने-अपने जिलों में काम शुरू करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं, वहीं ऑफिसर ने मंदिरों व गुरुद्वारों में कार्य शुरू कर भी दिया है। इसी भोग प्रोजैक्ट के तहत शहर के प्रसिद्ध संकटमोचन मंदिर में भंडारे के दौरान मंदिर कर्मी श्रद्धालुओं को मास्क व ग्लब्ज पहनकर प्रसाद बांटते हुए दिखाई दिए। यह श्रद्धालुओं के लिए भी नया था और मंदिर कर्मियों के लिए भी क्योंकि मंदिरों में इस तरह से भोग वितरण करते पहले कभी नहीं देखा गया। श्रद्धालुओं ने भी इस पर संतुष्टता जताई और इस कार्यप्रणाली को सराहा, वहीं कहा कि फूड एंड स्टैंडर्ड अथॉरिटी की यह एक अच्छी पहल है।

शहर के स्ट्रीट फूड वैंडर को भी दी जाएगी ट्रेनिंग

मंदिरों के साथ शहर के स्ट्रीट फूड वैंडर को भी साफ-सुथरा और हाईजीनिक खाना देने के लिए ट्रेनिंग दी जाएगी। इसमें रेहड़ी लगाने वालों के साथ ढाबे वाले भी सम्मिलित होंगे जिन्हें भोग प्रोजैक्ट के तहत शहर में लोगों को खाद्य पदार्थ किस प्रकार देने हैं, इसके बारे में बताया जाएगा।

शहर के सभी मंदिरों में लागू होगी व्यवस्था

राजधानी शिमला के सभी मंदिरों जैसे जाखू मंदिर, तारादेवी मंदिर, ढींगू माता मंदिर व गुरुद्वारों सहित अन्य मंदिरों में भोग प्रोजैक्ट के तहत व्यवस्था लागू होगी, वहीं इन मंदिर ट्रस्ट कार्यकारिणियों के साथ बैठकें भी होंगी और इस प्रोजैक्ट के उद्देश्य के बारे में बताया जाएगा। इसके अतिरिक्त मंदिर में ग्लब्ज व मास्क वितरित किए जाएंगे। इस कार्यक्रम के तहत सोमवार को संकटमोचन व अन्य मंदिरों में विभाग की बैठक भी आयोजित की जा रही है, जिसमें विभिन्न जानकारियां दी जाएंगी।

Ekta