हिमखंड में दबे जवानों का 36 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग (Watch Video)

Friday, Feb 22, 2019 - 12:12 PM (IST)

शिमला/धर्मशाला (राजीव/निप्पी): भारत-चीन सीमा से सटे शिपकिला क्षेत्र की सटी नमज्ञा पंचायत के डोगरी नाले में गिरे हिमखंड में दबे जवानों का 36 घंटे बाद भी सुराग नहीं मिला है। खराब मौसम के कारण सेना के जवानों को तलाशने के लिए सेना, आई.टी.बी.पी. और प्रदेश पुलिस की तरफ से चलाए गए संयुक्त सर्च अभियान को कई बार रोकना पड़ा। सर्च अभियान में करीब 150 लोगों की टीम जुटी है जो निरंतर दबे जवानों को तलाशने का काम कर रही है। सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि एक जवान की डेड बॉडी तो निकाल दी गई है। संभावना यह जताई जा रही है कि उसमें पांच लोग और फंसे हुए हैं। जयराम ने कहा कि रेस्क्यू ऑप्रेशन के लिए सारी टीम गई हुई है और उसमें लोकल प्रशासन भी सहयोग दे रहा है। 

जमाव बिंदु से 10 से 15 डिग्री नीचे चल रहा तापमान

किन्नौर में जिस स्थान पर सेना के 5 जवान ग्लेशियर में दबे हैं, वह समुद्र तल से करीब 13,000 फुट की ऊंचाई पर स्थित है। इसकी शिमला से दूरी करीब 300 किलोमीटर है। मौजूदा समय में यहां का तापमान जमाव बिंदु से 10 से 15 डिग्री नीचे चल रहा है। क्षेत्र में संचार व्यवस्था और सड़क के खराब होने के कारण भी सर्च अभियान में जुटी टीम को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, ऐसे में अब मौसम के अनुकूल होने पर ही सर्च अभियान के किसी अंजाम तक पहुंचने की संभावना है।

कांग्रेस ने जवानों के दबने पर जताई चिंता

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने किन्नौर जिला में सेना के 5 जवानों के बर्फ में दबने पर चिंता जताई है। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर, विधायक विक्रमादित्य सिंह और महासचिव रजनीश किमटा ने इस घटना का शिकार हुए हिमाचल प्रदेश के जवान के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है, साथ ही दबे जवानों का शीघ्र पता लगाने का आग्रह किया है।





 

Vijay