हिमाचल में कोहरे को लेकर अलर्ट हटा, जानिए कब तक साफ रहेगा मौसम

Thursday, Jan 07, 2021 - 10:07 PM (IST)

शिमला (राजेश): हिमाचल आने वाले पर्यटकों के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश में लोहड़ी तक अब मौसम के साफ  रहने के आसार हैं। ऐसे में पर्यटक प्रदेश के पर्यटन स्थलों में सुहावने मौसम का लुत्फ उठा सकते हैं। लोहड़ी तक प्रदेश में बारिश व बर्फबारी के कोई आसार नहीं हैं तो वहीं कोहरे का अलर्ट भी हट गया है। मौसम विभाग ने पहले 4 दिनों के लिए घने कोहरे का अलर्ट जारी किया था और यह अलर्ट निचले प्रदेश के मैदानी जिलों के लिए था लेकिन अब यह अलर्ट हट गया है। मौसम विभाग का कहना है कि अब प्रदेश में 13 जनवरी तक मौसम साफ रहेगा।

किन्नौर के कल्पा, केलांग व मनाली में पारा शुन्य से नीचे

कोहरे का अलर्ट हटने से मैदानी इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है। कोहरे का अलर्ट हटने से ठंड के प्रकोप का सामना नहीं करना पड़ेगा। इससे पहले मैदानी इलाकों में कोहरा गिरने से तापमान काफी कम हो गया था जिसके कारण ठंड का प्रकोप काफी बढ़ गया था। मैदान क्षेत्रों में ऊपरी क्षेत्रों से भी कम तापमान था। ऐसे में अब मैदानी जिलों में लोगों को राहत मिलने के आसार हैं, वहीं बीते दिनों ऊपरी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी के कारण किन्नौर के कल्पा, लाहौल-स्पीति के केलांग और कुल्लू जिला के मनाली में तापमान अभी माइनस में चल रहा है।

ठंड के प्रकोप से काफी हद तक मिली राहत

हालांकि बाकी क्षेत्रों में तापमान शून्य डिग्री से ऊपर आ गया है, वहीं वीरवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अन्य जिलों में भी मौसम साफ  रहा। दिनभर धूप खिलने से मौसम सुहावना बना हुआ था। सुहाने मौसम में जहां प्रदेश के शिमला व मनाली जैसे पर्यटन स्थलों में पर्यटकों का तांता लगा रहा तो वहीं आम लोगों को भी ठंड के प्रकोप से काफी हद तक राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार वीरवार को प्रदेश के न्यूनतम तापमान में सामान्य से एक और दो डिग्री की बढ़ौतरी दर्ज की गई है।

न्यूनतम तापमान पर एक नजर

प्रदेश में सबसे कम तापमान लाहौल-स्पीति जिला के केलांग में दर्ज किया गया है। यहां न्यूनतम तापमान -11.6 डिग्री दर्ज किया गया है, वहीं किन्नौर जिला के कल्पा में -5.0 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है। राजधानी शिमला में 3.9 डिग्री दर्ज किया गया है। इसके अलावा भुंतर में 1.9, धर्मशाला में 4.6, ऊना में 6.6, नाहन में 10.9, सोलन में 2.2, पालमपुर में 3.2, कांगड़ा में 5.6, मंडी में 4.1, बिलासपुर में 9.0 हमीरपुर में 12.3, चम्बा में 4.3, डल्हौजी में 2.9 और कुफरी में 3.3  डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया।

Vijay