शिमला में चिट्टे की सप्लाई करने वाला मास्टरमाइंड नाइजीरियन दिल्ली से गिरफ्तार

Tuesday, Aug 31, 2021 - 08:53 PM (IST)

शिमला (जस्टा): शिमला जिले में हो रही चिट्टे की सप्लाई के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चिट्टे की सप्लाई करने वाले एक मास्टरमाइंड नाइजीरियन तस्कर को दिल्ली से गिरफ्तार किया। यह तस्कर दिल्ली से शिमला के लिए चिट्टा भेज रहा था। हालांकि शिमला से छोटे तस्कर स्वयं इसके पास दिल्ली चिट्टा लाने जा रहे थे। ऐसे में पुलिस हरकत में आई और नाइजीरियन को गिरफ्तार कर शिमला लाई है। आरोपी का नाम आईकेचक्वू उर्फ एलेक्स है जोकि शहर अवाका राज्य अम्ब्रा देश नाइजीरिया का रहने वाला है। यह दिल्ली में चीनी जंक्शन के पास उत्तमनगर दिल्ली में रह रहा था। यह मात्र 23 साल का है। इससे पुलिस ने 27.23 ग्राम चिट्टा भी पकड़ा है। उधर, एएसपी शिमला कमल वर्मा ने बताया कि चिट्टे की सप्लाई करने वाले मास्टरमाइंड नाइजीरियन को जल्द ही इसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।

पुलिस ने ऐसे दबोचा मास्टरमाइंड

नाइजीरियन की पोल कुछ दिन पहले शोघी में पकड़े गए दो तस्करों ने खोली है। बता दें कि पुलिस ने शोघी बैरियर के पास एचपी नंबर की कार के डैशबोर्ड से कुछ सीरिंज के साथ 9.54 ग्राम चिट्टा बरामद किया था, जिसमें 31 वर्षीय साहिब सिंह और 29 वर्षीय मोहनीश नेगी शामिल हैं। ये दोनों शिमला के संजौली निवासी हंै। पुलिस ने इनसे पूछताछ की तो पता चला किआरोपी साहिब सिंह ने दिल्ली में एक नाइजीरियन नागरिक से चिट्टा खरीदा था। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और एक टीम को दिल्ली भेजा गया। पुलिस की टीम नाइजीरियन को गिरफ्तार कर शिमला लाई है। पुलिस की इस मामले को लेकर जांच जारी है। बता दें कि पुलिस ने बीते दिन ही रोहतक से कुरियर के माध्यम से चिट्टे की सप्लाई करने वाले तस्कर का पर्दाफाश किया है।

Content Writer

Vijay