निगम भंडारी को युकां प्रदेश अध्यक्ष की कमान, यदोपति को कार्यवाहक अध्यक्ष का जिम्मा

Wednesday, Dec 02, 2020 - 07:45 PM (IST)

शिमला (पंकज राक्टा): हिमाचल युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष पद की कमान किन्नौर जिला से संबंध रखने वाले निगम भंडारी को सौंपी गई है। इसके साथ ही यदोपति ठाकुर को कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पार्टी नेताओं के बीच युकां प्रदेशाध्यक्ष पद को लेकर चली खींचतान को देख हाईकमान ने अध्यक्ष के साथ ही कार्यकारी अध्यक्ष भी नियुक्त करने का निर्णय लिया है। युकां प्रदेशाध्यक्ष पद को लेकर कई नेता अंदरखाते गोटियां फिट करने में लगे हुए थे, ऐसे में हाईकमान ने बीच का रास्ता अपनाते हुए उक्त कदम उठाया है। हाईकमान के इस फैसले को पार्टी के अग्रणी संगठन में तालेमल बनाए रखने से जोड़ कर देखा जा रहा है।

निगम भंडारी को चुनाव में मिला इनका समर्थन

निगम भंडारी को चुनाव में अंदरखाते पूर्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित अन्य नेताओं का समर्थन मिला था। इसी तरह यदोपति ठाकुर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के करीबियों में शामिल हैं। बता दें कि युवा कांग्रेस की चुनावी प्रक्रिया के तहत हुई मैंबरशिप शुरूआत से ही विवादों में रही है। आलम यह रहा कि प्रदेश भर से कई युवाओं ने दिल्ली में जाकर युकां हाईकमान के समक्ष अपनी शिकायतें दर्ज करवाई थीं, ऐसे में प्रदेशाध्यक्ष की घोषणा पर रोक लगा दी गई थी।

युकां और कार्यवाहक अध्यक्ष की नियुक्ति में प्रदेश प्रभारी का अहम रोल

सूचना के अनुसार युकां अध्यक्ष और कार्यवाहक अध्यक्ष की नियुक्ति में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला का अहम रोल रहा। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव सुधीर शर्मा और राजेश धर्माणी, वरिष्ठ नेता आशा कुमारी, ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित अन्य नेताओं से फीडबैक लेने के बाद अध्यक्ष के साथ ही कार्यवाहक अध्यक्ष की नियुक्ति का सुझाव भारतीय युवा कांग्रेस को दिया, जिसके बाद बुधवार दोपहर बाद अध्यक्ष के साथ ही कार्यवाहक अध्यक्ष के नाम की घोषणा कर दी गई।

राठौर ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष व कार्यवाहक अध्यक्ष को दी बधाई

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने युवा कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष निगम भंडारी व कार्यवाहक अध्यक्ष यदुपति ठाकुर को बधाई दी है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि युवा कांग्रेस कांग्रेस पार्टी की मजबूती के लिए एकजुटता से प्रयास करेगी और संगठन की मजबूती के लिए अधिक से अधिक युवाओं को अपने साथ जोड़ेगी।

पहली बार कार्यवाहक अध्यक्ष, वोटों को तवज्जो

प्रदेश में यह पहला मौका है जब हाईकमान ने युकां अध्यक्ष के साथ कार्यवाहक अध्यक्ष भी नियुक्त किया है। इसके साथ ही देखा जाए तो युकां हाईकमान ने चुनावी प्रक्रिया के तहत पड़े वोटों को भी तवज्जो दी। उल्लेखनीय है कि जिला किन्नौर से संबंध रखने वाले निगम भंडारी को युकां चुनाव के तहत सबसे अधिक 40010 वोट मिले थे। इसके साथ ही मंडी जिला से संबंध रखने वाले यदोपति ठाकुर 37732 वोट लेकर दूसरे स्थान पर रहे। संगठन में दी गई सेवाओं के आधार पर अध्यक्ष का चयन किया गया है। निगम भंडारी और यदोपति मंडी संसदीय क्षेत्र से संबंध रखते हैं।

अमित पठानिया होंगे वरिष्ठ उपाध्यक्ष

चुनावी प्रक्रिया के तहत 5998 वोट हासिल कर तीसरे स्थान पर रहे अमित पठानिया प्रदेश कार्यकारिणी में वरिष्ठ उपाध्यक्ष होंगे। सूत्रों के अनुसार पठानिया को अपने ही जिला के नेताओं का सहयोग नहीं मिला, जिसका भी उन्हें नुक्सान उठाना पड़ा। टॉप-3 में आए अमित पठानिया का भी दिल्ली में साक्षात्कार हुआ था।

दिल्ली में प्रदेश प्रभारी शुक्ला से मिले पदाधिकारी

अध्यक्ष और कार्यवाहक अध्यक्ष की घोषणा के बाद निगम भंडारी और यदोपति ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारियों ने बुधवार को दिल्ली में पार्टी के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला से भी मुलाकात की। राजीव शुक्ला ने सभी को एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जल्द ही पंचायती राज संगठनोंके चुनाव होने हैं, ऐसे में सभी पूरे जोश के साथ मैदान में उतर जाएं।

युवाओं की लड़ी जाएगी लड़ाई : भंडारी

युकां प्रदेशाध्यक्ष निगम भंडारी ने कहा कि देश और प्रदेश में बेरोजगारी आज सबसे बड़ी समस्या है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दावा किया था कि हर साल 2 करोड़ बेरोजगारों को नौकरी देंगे, लेकिन आज स्थिति उलटी है तथा लोगों के रोजगार छिनते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे में युवा कांग्रेस युवाओं और बेरोजगारों की लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने कहा कि वे सभी को साथ लेकर संगठन की मजबूती के लिए काम करेंगे।

युवाओं की आवाज को किया जाएगा बुलंद : यदोपति

प्रदेश युवा कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष यदोपति ठाकुर ने कहा कि आम युवाओंकी आवाज को बुलंद किया जाएगा। इसके साथ ही सरकार की युवा विरोधी नीतियों के खिलाफ सभी को जागरूक कर लामबद्ध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा।

Vijay