हिमाचल में कोरोना के 77 नए मामले, 2641 पहुंचा संक्रिमितों का आंकड़ा

Saturday, Aug 01, 2020 - 11:25 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश के 10 जिलों में शनिवार को कोरोना के 77 नए मामले सामने आए हैं। इनमें सिरमौर के 15, बिलासपुर के 11, ऊना में 10, कांगड़ा व सोलन के 9-9, मंडी में 7, चम्बा में 4, शिमला में 8, हमीरपुर व कुल्लू के 2-2 केस सामने आए हैं। हिमाचल प्रदेश में अब कोरोना के कुल मामलों का आंकड़ा 2641 पहुंच गया है। सिरमौर जिला में आए 15 मामलों में से 2 मामले पांवटा साहिब, 5 मामले पुरविया मोहल्ला नाहन, 5 शिलाई और 3 मामले नाहन के हैं। इनमें 12 युवक/पुरुष जिनकी उम्र 7 वर्ष से लेकर 73 वर्ष के बीच है जबकि एक 15 वर्षीय लड़की, 25 वर्षीय युवती और 30 वर्षीय महिला शामिल है। सोलन मे आज आए 9 नए मामलों में बाहरी राज्यों लौटे 5 लोग (एक दीपक स्पाइनिंग मिल, एक विंग्स बायोटैक, जोहडज़ी के 2 मजदूर (कुमारहट्टी-नाहन रोड) व एक आयुर्वैदिक अस्पताल सोलन का एक मामला) बरोटीवाला का एक, बद्दी में पहले पॉजिटिव आए व्यक्ति के सीधे संपर्क में आया एक व्यक्ति और रैंडम सैंपलिंग के आधार पर 2 मामले बद्दी और अर्की से सामने आए हैं।

बिलासपुर जिले में सामने आए 11 मामले एम्म साइट कोठीपुरा के हैं। ये सभी मजदूर हैं। इनमें से एक 15 वर्ष, 20 वर्ष के 4, 25 वर्ष के 2, और 23, 28, 35 व 42 वर्षीय व्यक्ति शामिल है। ये सभी साइट पर ही क्वारंटाइन थे। जिला में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 93 हो गई है। चम्बा में सामने 4 नए मामलों में होली में बिहार के चंपारण जिले से लौटा 37 वर्षीय परियोजना कर्मी, पश्चिम बंगाल से लौटा 45 वर्षीय तथा ओडिशा से लौटा 40 वर्षीय व्यक्ति तीसा क्षेत्र के शिकारी का निवासी 35 वर्षीय सेना का जवान संक्रमित पाया गया है। सेना का यह जवान हाल ही में श्रीनगर से चंबा लौटा हुआ था और होम क्वारंटाइन था। 

शिमला जिले में 8 कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं जिसमें 5 मामले रामपुर के हैं जहां पर 5 मजदूर पॉजिटिव पाए गए हैं जबकि 3 मामले शिमला शहर के हैं जिसमें एक मामला भराड़ी का है, जहां पर एक पुलिस का जवान पॉजिटिव पाया गया था। उसी के संपर्क में आने से एक 21 साल की युवती संक्रमित हुई है। दूसरा मामला हिमुडा कॉलोनी कसुम्पटी का है, जंहा पर एक 42 साल का व्यक्ति पॉजिटिव आया है। यह भी पॉजिटिव व्यक्ति के सम्पर्क में आने से संक्रमित हुआ है जबकि एक अन्य मामला आईजीएमसी की फ्लू ओपीडी का है, जंहा पर 45 वर्षीय महिला पॉजिटिव पाई गई है, जिसकी ट्रेवल हिस्ट्री की छानबीन की जा रही है। सीएमओ शिमला सुरेखा चोपड़ा ने 8 कोरोना पॉजिटिव मामलों की पुष्टि की है।

कांगड़ा में आए 9 मामलों में लेह से लौटे ज्वालामुखी के चौकी गांव के 21 वर्षीय सेना का जवान व मोरड गांव के 31 वर्षीय पैरामिलटरी जवान व शाहपुर के सल्ली गांव का 22 वर्षीय सेना का जवान पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके अलावा जम्मू से लौटा नूरपुर के कंडवाल का 27 वर्षीय सेना का जवान, पंजाब के जिरकपुर से लौटी पालमपुर के गोपालपुर की 5 साल की बच्ची, पठानकोट में कार्यरत गंगथ के तीर्थपुर गांव का 45 वर्षीय व्यक्ति, दिल्ली से लौटा नूरपुर के सुडयाल गांव का 28 वर्षीय व्यक्ति, सीएसआईआर पालमपुर का 4 साल का बच्चा पॉजिटिव पाया गया है। इस बच्चे के परिवार का एक सदस्य पहले ही पॉजिटिव है जोकि कोविड केयर बैजनाथ में भर्ती है। इसके अलावा नूरपुर में पहले पॉजिटिव आए परिवार की 5 साल की बच्ची भी पॉजिटिव पाई गई है।

जिला मंडी के पुलिस थाना गोहर के 5 पुलिस कर्मियों समेत शनिवार को जिला में कोरोना संक्रमण के  7 मामले आए हैं। अब तक 4 दिनों में 50 से अधिक मामले सामने आए हैं। नए संक्रमितों में एक एएसआई, 3 आरक्षी व 1 एचएचसी शामिल है। पांचों लोग गत दिनों पॉजिटिव आए कुक के संपर्क में आए थे। 2 अन्य संक्रमितोंं में खाटी कुटला गांव का 25 वर्षीय युवक सेना का जवान 10 दिन पहले घर आया था। दूसरा संक्रमित 41 वर्षीय सरकाघाट उपमंडल के मसेरन का रहने वाला है। वह गोहर में करियाने की दुकान में सेल्जमैन का काम करता है। यह पुलिस थाना में कुक व पुलिस कर्मियों के संपर्क में आया था।  

जिला हमीरपुर सामने आए 2 मामलों में एक मामला भोटा ब्लॉक का बताया गया है, जिसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है जबकि दूसरा मामले में सुजानपुर के वार्ड नंबर-3 निवासी 25 वर्षीय युवक जोकि इसी वार्ड के कोरोना संक्रमित व्यक्ति के प्राइमरी कॉन्टैक्ट है। कुल्लू जिला में सामने आए 2 मामले आनी क्षेत्र के हैं। कोरोना संक्रमितों की उम्र 30 और 48 वर्ष है। ये लोग अमेठी से लूहरी 25 जुलाई को पहुंचे हैं, जिनमें कोरोना के कोई लक्षण नहीं हैं। ये दोनों लूहरी में क्वारंटाइन थे, इसलिए इनके कॉटैक्ट में लोग नहीं आए हैं। दोनों मरीजों को कोविड केयर सैंटर में शिफ्ट कर दिया गया है तथा जिस क्वारंटाइन सेंटर में इन्हें रखा गया था, उस जगह को सील कर दिया गया है।

ऊना में सामने आए 10 मामलों में बिहार से लौटे  45 वर्षीय महिला व 26 वर्षीय युवक, मथुरा से लौटा बंगाणा उपमंडल के कटेहड़ निवासी 44 वर्षीय व्यक्ति, पुणे से लौटा  गगरेट के ओल गांव का 29 वर्षीय युवक, लेह से लौटा कैलाशनगर नकड़ोह के कुठेड़ा का 28 वर्षीय सेना का जवान (होम क्वारंटाइन), ऊना के देहला गांव में कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग में एक वर्ष की बच्ची व 85 वर्षीय वृद्ध महिला, चंडीगढ़ से लौटा चताड़ा का 31 वर्षीय युवक (होम क्वारंटाइन), गोरखपुर से लौटा मैहतपुर का 35 वर्षीय व्यक्ति , बिहार पटना से मैहतपुर आया 32 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।

Vijay