हिमाचल में कोरोना के 105 नए मामले, जानिए किस जिला से आए कितने केस

Friday, Jul 31, 2020 - 04:26 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में वीरवार को फिर से कोरोना के 105 नए मामले सामने आए हैं। इनमें सबसे अधिक सोलन में 34, मंडी में 24, नाहन में 22, कांगड़ा में 9, शिमला में 7, ऊना में 4 तथा कुल्लू, चम्बा, बिलासपुर, किन्नौर व हमीरपुर में 1-1 मामला सामने आया हैं। हिमाचल में आज 55 कोरोना पॉजिटिव ठीक हुए हैं। इसमें सोलन के 28, ऊना के 13, किन्नौर के 7, कांगड़ा के 4 व बिलासपुर के 3 मरीज शामिल हैं। हिमाचल में कोरोना के मामलों का कुल आंकड़ा 2510 हो गया है जबकि 1094 एक्टिव केस हैं।

सोलन-सिरमौर में 56 नए मामले

सोलन जिला में वीरवार को फिर कोरोना विस्फोट हुआ है। यहां पर 34 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इनमें से 24 जिला के बीबीएन, 2 कसौली, 5 सोलन व 3 मामले परवाणु से सामने आए हैं। इनमें 4 पुलिस कर्मचारी तथा 1 108 एम्बुलैंस सेवा का चालक भी शामिल है। वहीं सिरमौर में 22 नए मामले सामने आए हैं। इनमें 10 पुरुष एवं 12 महिलाएं शामिल हैं। उन्होंने बताया कि वीरवार को आए सभी पॉजिटिव नाहन निवासी हैं। बुधवार को भेजे गए 129 सैंपलों में से 22 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पॉजिटिव आए मामलों में 2 से लेकर 76 वर्ष की आयु के लोग शामिल हैं। इसके साथ ही जिला में एक्टिव मामलों की संख्या बढ़कर 204 हो गई है।

मंडी में एक ही जगह से 11 लोग संक्रमित

मंडी में सामने आए 24 मामलों में रामनगर मंडी का 42 वर्षीय व्यक्ति, 38 वर्षीय महिला, 14 वर्षीय लड़की, 11 वर्षीय लड़का, 31 वर्षीय महिला, 8 वर्षीय बच्ची, 5 वर्षीय बच्चा, 56 वर्षीय व्यक्ति, 40 वर्षीय व्यक्ति, 32 वर्षीय व्यक्ति और 50 वर्षीय व्यक्ति पॉजिटिव पाए गए हैं। ये सभी पहले पॉजिटिव आए एक ही व्यक्ति के संपर्क में आकर संक्रमित हुए हैं। वहीं पैसेल कालोनी मंडी की 40 वर्षीय महिला, टारना रोड मंडी का 45 वर्षीय व्यक्ति, जेल रोड मंडी का 35 वर्षीय व्यक्ति (जोनल हॉस्पिटल मंडी में डॉक्टर), टारना रोड मंडी का 37 वर्षीय व्यक्ति, गांव व डाकघर सहेली मंडी का 30 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। ये सभी भी पहले पॉजिटिव आए अलग-अलग व्यक्ति के संपर्क में आकर संक्रमित हुए हैं। इसके अलावा नागालैंट से लौटा समलोग गांव का 20 वर्षीय आर्मी का जवान, लेह से लौटा कशारला का 19 वर्षीय आर्मी का जवान, पंजाब से अपने मायके भलवानी लौटी महिला, जोनल हॉस्पिटल मंडी में आए बटाशेर के 53 वर्षीय व्यक्ति व 52 वर्षीय महिला व उनकी 38 वर्षीय बेटी गांव परवार चच्योट पॉजिटिव आए हैं, इसकी जोनल हॉस्पिटल मंडी में डिलीवरी हुई थी। वहीं बटाशेर की 45 वर्षीय महिला, इसकी बेटी जोनल हॉस्पिटल में नर्स है जो पॉजिटिव आई हुई है व चच्योट के शिकावरी का 38 वर्षीय व्यक्ति पॉजिटिव पाया गया है।

कांगड़ा में दादा-पोते सहित 9 कोरोना पॉजिटिव

कांगड़ा में आज सामने आए 9 मामलों में तहसील देहरा के बारा का 40 वर्षीय आर्मी जवान पॉजिटिव पाया गया है। जवान 20 जुलाई को लेह से लौटा है। नगरोटा बगवां के चाहड़ी का 20 वर्षीय आर्मी जवान भी संक्रमित निकला है। यह जवान 21 जुलाई को लेह से लौटा है। मस्सल नगरोटा बगवां का 25 वर्षीय नेवी का जवान का पॉजिटिव पाया गया है। यह केरल से लौटा है। इन्हें एमएच योल में शिफ्ट किया जा रहा है। गांव सुन्नी तहसील बड़ोह का 26 वर्षीय युवक पॉजिटिव पाया गया है। युवक 18 जुलाई को पटियाला से लौटा है। रमेहड़ नगरोटा बगवां का 32 साल का युवक भी संक्रमित पाया गया है। यह 22 जुलाई को दिल्ली से लौटा है। 65 वर्षीय व्यक्ति को उसका 6 वर्षीय पोता भी संक्रमित पाया गया है। पोता अमृतसर से आया है। इसमें दादा-पोते को धर्मशाला तो बाकी को कोविड केयर सेंटर डाढ शिफ्ट किया जा रहा है। वहीं सीएसआईआर पालमपुर का 45 वर्षीय पहले पॉजिटिव आए व्यक्ति के संपर्क में आकर संक्रमित हुआ है। इसे बैजनाथ शिफ्ट किया गया है। वहीं लेह से लौटा डाडासीबा के देहर गांव का 22 वर्षीय सेना का जवान पॉजिटिव पाया गया है। इसे सकारात्मक परीक्षण किया गया है और एमएच योल शिफ्ट किया गया है।

शिमला में एक ही परिवार के 3 लोगों सहित 7 पॉजिटिव

शिमला में आज 7 नए मामले आए हैं। इनमें जाखू से एक ही परिवार 3 सदस्य हैं । जाखू में कोरोना पॉजिटिव आई मां और बेटी के संपर्क में आने के बाद अब बेटा, बहू और पोती भी संक्रमित हो गए हैं। इसके अलावा एक मामला पराला मंडी का है जहां पर एक सेब व्यापारी पॉजिटिव आया है। वहीं टूटू के सत्संग भवन में रहने वाला एक व्यक्ति पहले से टूटू में पॉजिटिव आए चपरासी के संपर्क में आने से संक्रमित हुआ है जबकि 2 एसएसबी के जवान भी पॉजिटिव पाए गए हैं जो बिहार और यूपी से लौटे थे और शिमला के एक होटल में क्वारंटाइन में थे। किन्नौर में आए मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। कुल्लू के निरमंड में एक जवान पॉजिटिव पाया गया है यह श्रीनगर से आया था। यह जवान होम क्वारंटाइन था। बिलासपुर में झंडूता निवासी 56 वर्षीय सेना का जवान भी पॉजिटिव आया है। इसके अलावा चम्बा और हमीरपुर में भी 1-1 मामला सामने आया है।

ऊना में मां-बेटों के साथ 4 नए कोरोना पॉजिटिव

ऊना में सामने आए 4 नए मामलों में से 3 मामले देहलां गांव के हैं। इनमें एक ही परिवार के 61 वर्षीय महिला व उसके 30 और 37 वर्षीय बेटों की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। बताया जा रहा है कि ये तीनों पहले पॉजिटिव आए व्यक्ति के संपर्क में आकर संक्रमित हुए हैं। इसके अलावा हरोली के गांव सैंसोवाल का 32 वर्षीय युवक पॉजिटिव पाया गया है। यह हैदराबाद से लौटा था और घर में ही क्वारंटाइन था। आज जिला से 182 सैंपल जांच के लिए भेज गए थे। इनमें  से 4 की पॉजिटिव व 177 की  नैगेटिव रिपोर्ट पाई गई है जबकि एक सैंपल रिजैक्ट हुआ है। जिला में अब कोरोना के कुल मामलों का आंकड़ा 202 पहुंच गया है।

Vijay