दिल्ली जाएंगे लोकपाल के नवनियुक्त सचिव BK अग्रवाल, कुर्सी के लिए रेस हुई शुरू

Thursday, Aug 22, 2019 - 09:34 AM (IST)

शिमला (योगराज): हिमाचल में मुख्य सचिव का पद संभाल रहे बीके अग्रवाल एक बार फिर से डेपुटेशन पर दिल्ली जा रहे हैं। केंद्र सरकार की तरफ से जारी अधिसूचना के मुताबिक बीके अग्रवाल दिल्ली में लोकपाल के सचिव का पद संभालने जा रहे हैं जिससे प्रदेश में मुख्य सचिव के पद के लिए आईएएस अधिकारियों के बीच रेस शुरू हो गई है। अब इस रेस में कौन बाजी मारता है ये देखने वाली बात होगी। मुख्य सचिव के पद की दौड़ में आईएएस अधिकारी श्रीकांत बाल्दी और राम सुभाग सिंह का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 1985 बैच के आईएएस अधिकारी एवं वर्तमान हिमाचल के मुख्य सचिव बीके अग्रवाल को केंद्र में लोकपाल का सचिव बनाया गया है। केंद्रीय कार्मिक विभाग की तरफ से उनको लोकपाल का सचिव बनाए जाने संबंधी आदेश जारी कर दिए गए हैं। इसके चलते अब हिमाचल में नए मुख्य सचिव की ताजपोशी होगी। बताया जा रहा है कि 1985 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. श्रीकांत बाल्दी प्रदेश के नए मुख्य सचिव होंगे। 

डॉ. श्रीकांत बाल्दी ही मुख्य सचिव पद के प्रबल दावेदार बताए जा रहे हैं क्योंकि बीके अग्रवाल के बाद वर्ष 1985 बैच में वह दूसरे स्थान पर हैं। हालांकि हिमाचल प्रदेश काडर के कई आईएएस अधिकारी उनसे वरिष्ठ हैं लेकिन वे सभी प्रतिनियुक्ति पर चल रहे हैं, ऐसे में उनको प्रदेश का नया मुख्य सचिव बनाया जाना लगभग तय है। डॉ. श्रीकांत बाल्दी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ सरकार के करीबी भी हैं, जिसके चलते सरकार की तरफ से मुख्य सचिव के पद पर उनकी नियुक्ति जल्द किए जाने की संभावना है।

Ekta