नया चैलेंज लेकर आई मुख्य सचिव की कुर्सी, खरा उतरने का करूंगा प्रयास : आरडी धीमान

Friday, Jul 15, 2022 - 09:03 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): मुख्य सचिव की कुर्सी नया चैलेंज लेकर आई है। मैं उस पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा। सरकार में जिस भी पद पर रहा, उसके अनुरूप खुद को ढालने का प्रयास किया। यह बात वर्ष 1988 बैच के आईएएस अधिकारी आरडी धीमान ने मुख्य सचिव के पद का कार्यभार संभालने के बाद कही। उन्होंने जिस समय मुख्य सचिव पद का कार्यभार संभाला, उस समय खुद राम सुभग सिंह उनको बधाई देने के लिए पहुंचे। आरडी धीमान ने इस अवसर पर राम सुभग सिंह को शॉल और टोपी भी भेंट की। नए मुख्य सचिव से कई नेताओं, अधिकारियों एवं कर्मचारी नेताओं ने भेंट कर उन्हें बधाई भी दी। आरडी धीमान ने प्रदेश के खराब वित्तीय हालात को लेकर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में कहा कि इसके लिए बेहतर वित्तीय प्रबंधन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फंडिंग की प्रक्रिया में बदलाव आया है तथा उसके अनुरूप सरकार खुद को ढालेगी। प्रदेश में बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामलों को लेकर उन्होंने कहा कि राज्य में अभी भयावह स्थिति नहीं है। देश में बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामलों को लेकर केंद्र एवं राज्य सरकार बराबर नजर रख रही है तथा आवश्यकता पड़ने पर सभी प्रभावी पग उठाए जाएंगे।

यूं ही नहीं हटाए गए राम सुभग सिंह
मुख्य सचिव के पद से राम सुभग सिंह को यूं ही नहीं हटाया गया। पीएमओ से उनके खिलाफ आई एक चिट्ठी के कारण विपक्ष ने उनको घेरने का प्रयास किया। इसी तरह सत्ता-संगठन के स्तर पर मिले फीडबैक के आधार पर भी यह निर्णय लिया गया। हालांकि सरकार उनको नया मुख्य सूचना आयुक्त (सीआईसी) नियुक्त कर सकती है लेकिन इसको लेकर अभी चयन समिति की बैठक होनी है।

वर्तमान सरकार में 7वें मुख्य सचिव बने धीमान
प्रदेश में जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में आरडी धीमान 7वें मुख्य सचिव बने हैं। वर्तमान सरकार ने सत्ता में आते ही वीसी फारका को सबसे पहले मुख्य सचिव पद से हटाकर उनके स्थान पर विनीत चौधरी की तैनाती की थी। इसके बाद बीके अग्रवाल मुख्य सचिव बने, लेकिन बीच में ही वह केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर चले गए। उसके बाद डाॅ. श्रीकांत बाल्दी मुख्य सचिव बने और अपना कार्यकाल पूरा किया। फिर अनिल खाची को सरकार ने मुख्य सचिव बनाया, जिनको गत वर्ष पद से हटाकर राम सुभग सिंह को प्रदेश का प्रशासनिक मुखिया बनाया गया। हालांकि खाची को पद से हटाए जाने के बाद राज्य निर्वाचन आयुक्त जैसा अहम दायित्व सौंपा गया। अब राम सुभग सिंह को पद से हटाकर आरडी धीमान को मुख्य सचिव बनाया गया है तथा उन्होंने जिन अधिकारियों को सुपरसीड किया है, उनको सरकार ने प्रधान सलाहकार लगाया है। आरडी धीमान ऊना जिले के धलवाड़ी से संबंध रखते हैं।

राज्यपाल व मुख्यमंत्री से की मुलाकात
नए मुख्य सचिव आरडी धीमान ने शुक्रवार सायं राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर एवं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ अलग-अलग मुलाकात की। राज्यपाल ने इस अवसर पर आरडी धीमान को मुख्य सचिव बनने पर बधाई दी तथा उम्मीद जताई कि उनके प्रशासनिक अनुभव से प्रदेश को लाभ मिलेगा। मुख्य सचिव ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से भी मुलाकात की तथा अपनी नियुक्ति के लिए उनका आभार जताया। 

सबने अच्छा कार्य किया : जयराम ठाकुर
राम सुभग सिंह को मुख्य सचिव के पद से हटाए जाने को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में जितने भी मुख्य सचिव रहे हैं, सबने अच्छा कार्य किया है। राम सुभग सिंह को आने वाले समय में कौन सा दायित्व मिलता है, यह अगला विषय है। उन्होंने कहा कि फारका पूर्व सरकार के मुख्य सचिव थे, जिस कारण उनको बदला गया। इसके बाद कई ने अपना कार्यकाल पूरा किया तथा कुछ ने बेहतर अवसर मिलने पर पद को छोड़ा। ऐसे में उनके कार्यकाल में छठे मुख्य सचिव बने, इससे किसी को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay