दिल्ली में बिछी नई बिसात, CM का विरोधी खेमा पहुंचा शिंदे के दरबार

Wednesday, Sep 06, 2017 - 11:17 PM (IST)

शिमला: हिमाचल कांग्रेस में जारी घमासान के बीच मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह विरोधी खेमा दिल्ली में सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में बुधवार को स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर और पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम ने प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुशील कुमार शिंदे से दिल्ली में मुलाकात की। इसके साथ ही कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू भी दिल्ली पहुंच गए हैं जबकि आई.पी.एच. मंत्री विद्या स्टोक्स और परिवहन मंत्री के बुधवार को दिल्ली रवाना होने की सूचना है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की बीते दिनों पार्टी हाईकमान सोनिया गांधी से हुई मुलाकात के बाद कौल सिंह ठाकुर और पंडित सुखराम की पार्टी प्रभारी से हुई मुलाकात को लेकर सियासी गलियारों में अटकलों का दौर शुरू हो गया। मंडी के इन दोनों नेताओं ने उनसे अलग-अलग मुलाकात की। यह मुलाकात अकबर रोड स्थित कांगे्रस मुख्यालय में हुई।

शिंदे से चुनाव की रणनीति पर हुई चर्चा
सूचना के अनुसार कौल सिंह ने शिंदे से आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। हालांकि पार्टी हाईकमान ने अभी तक यहां विधानसभा चुनाव को लेकर नेतृत्व तय नहीं किया है लेकिन कौल सिंह का प्रदेश प्रभारी से मिलना अंदरखाते कई सवाल खड़े कर रहा हैं। दूसरी तरफ हिमाचल विकास कांग्रेस के नाम पर राजनीति में खलबली मचा चुके पंडित सुखराम ने भी शिंदे से प्रदेश की राजनीति पर चर्चा की। सूत्रो के अनुसार उनके द्वारा शिंदे के समक्ष विभिन्न मामले उठाए जाने की सूचना है। अब देखना होगा कि विधानसभा चुनाव से ठीक पहले प्रदेश कांग्रेस के भीतर चल रहीं गुटबाजी पर पार्टी प्रभारी किस तरह से अंकुश लगाते हैं। 

सुक्खू आज करेंगे मुलाकात
बुधवार को दिल्ली पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भी विधानसभा चुनावों के लिए विभिन्न कमेटियों का गठन करने के लिए हाईकमान से मंजूरी लेकर शिमला लौटेंगे। बताया गया कि वह जिला कांग्रेस कमेटियों द्वारा सौंपी गई सूची भी साथ ले गए हैं।  वह प्रदेश प्रभारी से वीरवार को मुलाकात करेंगे और चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे।