Himachal: जमीनी विवाद ने लिया हिंसक रूप, भतीजे ने माैत के घाट उतारा चाचा...चाकू से किए 8 वार
punjabkesari.in Sunday, Sep 28, 2025 - 02:43 PM (IST)

नगराेटा बगवां (बिशन): हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में जमीनी विवाद के चलते एक भतीजे ने अपने चाचा की निर्मम हत्या कर दी। आरोपी ने चाचा पर चाकू से 8 वार किए, जिससे गंभीर रूप से घायल चाचा की अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार ये वारदात कांगड़ा जिला के नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के लुदरेट गांव में रविवार सुबह करीब 8 बजे हुई। मृतक की पहचान अशोक कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक अशोक कुमार सुबह घर से मजदूरी के लिए निकले था। इस दाैरान रास्ते में घात लगाकर बैठे उसके भतीजे सुखबिंदर ने अपनी जेब से चाकू निकाला और अशोक कुमार पर हमला कर दिया। चाकू के 8 वार लगने से अशोक कुमार बुरी तरह घायल हो गया। परिजन और ग्रामीण उसे गंभीर हालत में तुरंत टांडा मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डीएसपी कांगड़ा अंकित शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने आरोपी सुखबिंदर को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या के पीछे की वजहों की तफ्तीश की जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक अशोक कुमार ने हाल ही में सरकारी योजना के तहत नया मकान बनाया था और वह अपनी पत्नी व दो बेटियों के साथ रह रहा था। बताया जा रहा है कि परिवार में जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसके अलावा, फोरलेन में जमीन आने पर मुआवजे को लेकर भी रिश्तेदारों में तनातनी रही थी। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि अशोक कुमार ने पहले भी आरोपी सुखबिंदर के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी, लेकिन विवाद शांत नहीं हुआ और अंततः इस खूनी वारदात के रूप में सामने आया। पुलिस अब मामले की गहराई से जांच कर रही है।