कृषि और उद्यानिकी में करियर बनाने का मौका! नौणी विश्वविद्यालय में UG-PG कोर्स के लिए दाखिले शुरू, ऐसे करें अप्लाई
punjabkesari.in Saturday, May 02, 2026 - 06:41 PM (IST)
नौणी (सोलन) (नरेश पाल): डॉ. यशवंत सिंह परमार उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी ने शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए अपने स्नातक एवं स्नातकोत्तर कार्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। ऊद्यानिकी, वानिकी, प्राकृतिक खेती, जैव प्रौद्योगिकी, फूड टैक्नोलॉजी एवं एग्री-बिजनैस जैसे विविध क्षेत्रों में रुचि रखने वाले अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है, जिसे विश्वविद्यालय की वैबसाइट www.yspuniversity.ac.in के माध्यम से किया जा सकता है, जहां विस्तृत प्रोस्पैक्टस भी डाऊनलोड के लिए उपलब्ध है।
स्नातक कार्यक्रमों में विश्वविद्यालय मुख्य परिसर नौणी तथा औद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय नेरी और थुनाग में बीएससी (ऑनर्स) औद्यानिकी एवं बीएससी (ऑनर्स) वानिकी पाठ्यक्रम के लिए आवेदन किया जा सकता है। मुख्य परिसर में छात्रों को बीएससी कृषि (ऑनर्स) प्राकृतिक खेती तथा बीटैक फूड टैक्नोलॉजी (स्व-वित्तपोषित) का विकल्प भी उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त नेरी में बीटैक बायोटैक्नोलॉजी और बीटैक फूड टेक्नोलॉजी कार्यक्रम के लिए आवेदन किया जा सकता है।
विश्वविद्यालय के नौणी स्थित मुख्य परिसर एवं नेरी स्थित औद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालयों में एमएससी कार्यक्रम के लिए भी आवेदन किया जा सकता है। उद्यानिकी में एंटोमोलॉजी, फ्लोरीकल्चर एवं लैंडस्केपिंग, फूड प्रोसैसिंग एवं टैक्नोलॉजी, फ्रूट साइंस, मॉलिक्यूलर बायोलॉजी एवं बायोटेक्नोलॉजी, प्लांट पैथोलॉजी, प्लांटेशन, स्पाइसेज एवं औषधीय एवं सुगंधित फसलें, पोस्ट हार्वेस्ट मैनेजमैंट, सीड साइंस एवं टैक्नोलॉजी तथा वेजिटेबल साइंस जैसी विशेषज्ञताएं उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त एमबीए एग्री-बिजनैस मैनेजमेंट पाठ्यक्रम के लिए आवेदन फॉर्म भरा जा सकता है।
वानिकी में एमएससी के अंतर्गत कृषि अर्थशास्त्र, कृषि विस्तार शिक्षा, कृषि सांख्यिकी, जैव रसायन, पर्यावरण विज्ञान, (कृषि) पर्यावरण विज्ञान, फॉरेस्ट बायोलॉजी एवं ट्री इम्प्रूवमेंट, फोरैस्ट प्रोडक्ट्स एवं यूटिलाइजेशन, फॉरेस्ट रिसोर्स मैनेजमेंट, माइक्रोबायोलॉजी, प्लांट फिजियोलॉजी, सिल्वीकल्चर एवं एग्रोफोरैस्ट्री तथा मृदा विज्ञान जैसे विषयों में विशेषज्ञता प्रदान की जा रही है।
यूजी कार्यक्रमों (सामान्य सीटों) के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 6 जून तथा स्व-वित्तपोषित सीटों के लिए 18 जुलाई है। एमएससी कार्यक्रमों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 23 जून निर्धारित की गई है। विलंब शुल्क सहित यूजी (सामान्य सीटों) के लिए 12 जून, स्व-वित्तपोषित सीटों के लिए 25 जुलाई तथा पीजी कार्यक्रमों के लिए 30 जून अंतिम तिथि है।
यूजी एवं पीजी प्रवेश परीक्षाएं क्रमशः 21 जून और 5 जुलाई को आयोजित होंगी। यूजी प्रवेश परीक्षा का परिणाम 6 जुलाई तथा पीजी कार्यक्रमों का परिणाम 15 जुलाई को घोषित किया जाएगा। यूजी स्व-वित्तपोषित सीटों के अभ्यर्थियों की सूची 31 जुलाई को प्रदर्शित की जाएगी। यूजी प्रवेश परीक्षा सोलन, हमीरपुर, सुंदरनगर, पालमपुर और रामपुर जबकि पीजी परीक्षा मुख्य परिसर में आयोजित की जाएगी।
सामान्य सीटें हिमाचल प्रदेश के मूल निवासियों के लिए आरक्षित हैं और इनमें प्रवेश यूजी प्रवेश परीक्षा में प्राप्त अंकों की मैरिट के आधार पर किया जाएगा। इन सीटों के अतिरिक्त कुछ सीटें उत्तर-पूर्वी राज्यों एवं हिमाचल प्रदेश से बाहर के अभ्यर्थियों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित की गई हैं। वहीं स्व-वित्तपोषित सीटें देशभर के सभी अभ्यर्थियों के लिए खुली हैं, जबकि स्नातक की स्व वित्त पोषित सीटों पर प्रवेश 12वीं की परीक्षा में 4 विषयों अंग्रेजी, फिजिक्स, कैमिस्ट्री और बायोलॉजी/गणित की मैरिट के आधार पर होगा।स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर पीजी कार्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा। आवेदक सामान्य एवं स्ववित्तपोषित दोनों प्रकार की सीटों के लिए आवेदन कर सकता है।

