मनाली में 2 से 6 जनवरी तक होगा राष्ट्र स्तरीय विंटर कार्निवाल : गोविंद ठाकुर

punjabkesari.in Tuesday, Nov 23, 2021 - 11:55 PM (IST)

कुल्लू (ब्यूरो): मनाली का प्रसिद्ध राष्ट्र स्तरीय विंटर कार्निवाल का आयोजन आगामी 2 से 6 जनवरी तक मनु रंगशाला में आयोजित किया जाएगा। कार्निवाल के शुभारंभ के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को आमंत्रित किया जाएगा। यह बात शिक्षा, कला व भाषा संस्कृति मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने मंगलवार को मनाली में कार्निवाल की तैयारियों के संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने कहा कि 2 साल विंटर कार्निवाल कोरोना महामारी की भेंट चढ़ गया, लेकिन इस बार बड़े स्तर पर मनाने के लिए कवायद शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि इस बार का विंटर कार्निवाल मनाली व जिला में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के थीम पर आधारित होगा। मनाली में बड़ा दिन व नववर्ष मनाने के लिए लाखों की संख्या में देश के कोने-कोने से सैलानी आते हैं। यदि पर्यटन से जुड़ी गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाए तो पर्यटक नववर्ष मनाने के बाद विंटर कार्निवाल के पूरा होने तक मनाली में रुक सकते हैं।

कार्निवाल में साहसिक गतिविधियों सुनियोजित ढंग से होगा आयोजन

उन्होंने कहा कि कार्निवाल के दौरान पैराग्लाइडिंग, रिवर राफ्टिंग, स्कीइंग, आईस स्केटिंग जैसी साहसिक गतिविधियों का एक सुनियोजित ढंग से आयोजन किया जाएगा। इन खेलों के प्रति सैलानियों को प्रोत्साहित करने के पुरजोर प्रयास किए जाएंगे। इसके अलावा स्थानीय तौर पर अनेक इंडोर व आऊटडोर खेलों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्निवाल के प्रत्येक दिन को अलग-अलग थीम देने के प्रयास करेंगे और थीम आधारित गतिविधियां की जाएंगी। जिला के व्यंजनों को बड़े स्तर पर प्रोत्साहित करके स्टाल के माध्यम से सैलानियों को उपलब्ध करवाया जाएगा। इससे स्थानीय लोगों विशेषकर महिलाओं की आर्थिकी को भी संबल मिलेगा। कार्निवाल में पारंपरिक परिधानों में महिला मंडलों की नाटी इत्यादि की व्यवस्था करने के प्रयास किए जाएंगे ताकि स्थानीय पट्टू व शॉल को और अधिक बढ़ावा मिले।

सभी ने दिए अपने-अपने सुझाव

बैठक की कार्यवाही का संचालन एसडीएम डाॅ. सुरेंद्र ठाकुर ने किया। बैठक में प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष धनेश्वरी ठाकुर, रजनी ठाकुर, नगर परिषद मनाली के अध्यक्ष चमन कपूर, उपाध्यक्ष मनोज लारजे, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा होटल, साहसिक खेल, टैक्सी व अन्य एसोसिएशनों के अध्यक्ष व पदाधिकारी उपस्थित रहे तथा सभी ने कार्निवाल को बड़े स्तर पर मनाने के लिए अपने सुझाव दिए।

सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे कार्निवाल का आकर्षण

पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों के मनोरंजन के लिए कार्निवाल के सभी दिन रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। फिल्मी पाश्र्व गायक को किसी एक संध्या में आमंत्रित करने के प्रयास किए जाएंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से जिला की संस्कृति से सैलानियों को रू-ब-रू करवाना भी एक उद्देश्य है जिससे हमारी संस्कृति का बखान देश-विदेश में होता है। स्थानीय महिला मंडलों, युवक मंडलों व सांस्कृतिक दलों की लोक नृत्य प्रतियोगिताएं भी कार्निवाल के दौरान आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि वॉयस ऑफ कार्निवाल के लिए भी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रथम 3 शरद सुंदरियों तथा वॉयस ऑफ कार्निवाल को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।  

विंटर क्वीन प्रतियोगिता कार्निवाल में लगाएगी चार चांद

गोविंद ठाकुर ने कहा कि कार्निवाल में शरद सुंदरी के चयन के लिए प्रतियोगिता करवाई जाएगी। इसमें देश के विभिन्न भागों से लड़कियां भाग लेंगी। विंटर क्वीन प्रतियोगिता दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहती है और उत्सव के दौरान हर रोज इस प्रतियोगिता को देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग मनु रंगशाला में उमड़ पड़ते हैं। इस प्रतियोगिता के लिए अधिक से अधिक संख्या में लड़कियां भाग लें, इसके लिए राष्ट्र स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। यह प्रतियोगिता सभी के लिए खुली होती है। कोई भी लड़की इसमें भाग ले सकती है।

समितियों का शीघ्र गठन करें एसडीएम

शिक्षा मंत्री ने एसडीएम मनाली को कार्निवाल के सफल आयोजन के लिए विभिन्न उप समितियों का शीघ्र गठन करने को कहा। उन्होंने कहा कि सभी समितियां सौंपी गईं जिम्मेदारी को पूरा करने के लिए अभी से जुट जाएं। उन्होंने होटल एसोसिएशन, टैक्सी व वोल्वो एसोसिएशन, खेल संघों तथा पर्यटन व्यवसाय से जुड़ी सभी एसोसिएशनों के पदाधिकारियों को कार्निवाल को सफल बनाने के लिए भरपूर योगदान करने का आग्रह किया।

स्मारिका का भी होगा प्रकाशन

गोविंद ठाकुर ने कहा कि कार्निवाल की स्मृतियों को संजोकर रखने के लिए एक स्मारिका का प्रकाशन भी किया जाएगा। स्मारिका में विभिन्न विभाग, निगम व बोर्ड तथा अन्य प्रतिष्ठान व संस्थाएं अपना विज्ञापन दे सकती हैं। उन्होंने डीपीआरओ तथा जिला भाषा अधिकारी को एक खूबसूरत व जानकारीयुक्त स्मारिका तैयार करने को कहा। उन्होंने बैठक के दौरान उपस्थित सभी एसोसिएशनों के पदाधिकारियों के सुझाव प्राप्त किए। उन्होंने कहा कि कार्निवाल किस प्रकार से भव्य और आकर्षक बनाया जा सकता है, इसके लिए प्रत्येक संस्थान अथवा व्यक्ति का सुझाव आमंत्रित है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News