हिमाचली किसानों को राष्ट्रीय सम्मान, देसी खीरा व काला जीरा को दिलवाई नई पहचान
punjabkesari.in Wednesday, Sep 13, 2023 - 05:49 PM (IST)

पपरोला के कृषक व किन्नौर के काला जीरा उत्पादक संघ को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने किया सम्मानित
पालमपुर (भृगु): पपरोला के कृषक व किन्नौर के काला जीरा उत्पादक संघ को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू द्वारा सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति ने किन्नौर के शोंग गांव काला जीरा उत्पादक संघ को 10 लाख रुपए का प्रतिष्ठित जीनोम सेवियर कम्युनिटी अवार्ड प्रदान किया। वहीं पपरोला के समीप बुरली कोठी के कृषक गरीब दास को प्लांट जीनोम रिकॉग्निशन अवार्ड से सम्मानित किया। गरीब दास को प्लांट जीनोम रिकॉग्निशन अवार्ड के अंतर्गत 100000 रुपए की धनराशि तथा प्रशस्ति पत्र दिया गया।
परंपरागत देसी पपरोला खीरा (ककड़ी) को सहेज कर रखने का किया कार्य
पपरोला के समीप बुरली कोठी के कृषक गरीब दास ने परंपरागत देसी पपरोला खीरा (ककड़ी) को सहेज कर रखने का कार्य किया है। वह साढ़े तीन दशक से खीरे की इस परंपरागत किस्म को उगा रहे हैं। यह किस्म सदियों से क्षेत्र में उगाई जा रही है परंतु इस विशेष क्षेत्र की इस विशेष फसल को सहेज कर रखने का कार्य गरीब दास ने किया है।
शोंग गांव में 47 हैक्टेयर क्षेत्र में उगाया जा रहा काला जीरा
किन्नौर जिले के शोंग गांव के काला जीरा उत्पादक संघ को प्रतिष्ठित पादप जीनोम संरक्षक समुदाय पुरस्कार प्रदान किया गया है। सांगला किन्नौर में विश्वविद्यालय के अनुसंधान केंद्र को काला जीरा और केसर पर मॉडल फार्म के रूप में नामित किया गया है। यह एक औषधीय फसल के रूप में काला जीरा की वैज्ञानिक खेती, सुधार और लोकप्रियकरण के लिए काम कर रहा है। काला जीरा हालांकि व्यापक रूप से जंगलों में उगाया जाता है परंतु इसे अब खेती करते हुए प्रमुखता से तैयार किया जा रहा है। वर्तमान में किन्नौर जिले के शोंग गांव में लगभग 47 हैक्टेयर क्षेत्र में इसकी खेती की जा रही है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here