राष्ट्रीय कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा पहुंचीं शिमला, राजीव शुक्ला ने की मुलाकात

Wednesday, Mar 10, 2021 - 07:32 PM (IST)

कुफरी (गौतम/योगराज): राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की बेटी व कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा राजनीति की भागदौड़ से अलग हटकर आराम फरमाने के लिए बुधवार को शिमला पहुंच गई हैं। जानकारी के मुताबिक प्रियंका वाड्रा सुबह करीब 10 बजे के आसपास सड़क मार्ग से होते हुए गाड़ी से शिमला के समीप छराबड़ा स्थित अपने बंगले में पहुंचीं। उनके साथ सुरक्षा कर्मी व राज्य सीआईडी तथा पुलिस जवान भी आए हैं। इससे पूर्व वह गत वर्ष 19 नवम्बर को शिमला आई थीं। उस दौरान रॉबर्ट वाड्रा व उनके बच्चे भी आए हुए थे जो लगभग एक सप्ताह तक छराबड़ा में अपने भवन में रुके हुए थे।

मौसम का बिगड़ा मिजाज, पहले दिन भवन में ही रहीं प्रियंका

प्रियंका वाड्रा के आने के बाद यहां मौसम का मिजाज भी अचानक बिगड़ गया। आसमान में गर्जना के साथ-साथ हल्की ओलावृष्टि व बारिश की बूंदें भी गिरीं। तापमान में गिरावट आने से क्षेत्र में ठंडी हवाओं के साथ कड़ाके की सर्दी भी बढ़ गई है जिस कारण वह इस दौरान पहले दिन भवन में ही रहीं कहीं बाहर नहीं गईं। भवन के आसपास सुरक्षा कर्मियों का कड़ा पहरा लग गया है। जानकारी है कि वह 2-3 दिन छराबड़ा में रुकेंगी। इस बार वह करीब 4 माह के बाद शिमला आई हैं।

राजीव शुक्ला से हिमाचल के विषयों को लेकर चर्चा

उधर, जन आक्रोश रैली में भाग लेने शिमला पहुंचे हिमाचल कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला ने रैली के बाद छराबड़ा में जाकर प्रियंका वाड्रा से मुलाकात की है। इस दौरान दोनों के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत हुई। बताया जा रहा कि बातचीत के दौरान हिमाचल के विषयों को लेकर चर्चा हुई। 

Content Writer

Vijay