भाजपा ने 10 वर्षों में धर्म, क्षेत्र और संप्रदाय के नाम पर देश को बांटने का किया काम : प्रियंका गांधी

punjabkesari.in Tuesday, May 28, 2024 - 01:27 PM (IST)

गगरेट (हनीश): अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की महासचिव एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी ने गगरेट में आयोजित चुनावी रैली को अपने संबोधन के दौरान भाजपा पर सवाल उठाते हुए कहा कि बीजेपी ने चंदे के नाम पर हजारों करोड़ बना डाले हैं। उन्होंने पूछा कि भ्रष्टाचार को लेकर बार-बार बात करने वाली भाजपा पिछले 10 वर्षों में ही विश्व की सबसे अमीर पार्टी कैसे बन गई? उन्होंने कहा कि देश में 55 साल तक कांग्रेस की पार्टी रही, लेकिन कभी इतनी अमीर नहीं बन पाई। यह मैं नहीं आंकड़े बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का धनबल के जरिए देश में सत्ता हासिल करना ही एकमात्र मकसद रह गया है। उन्होंने कहा कि जो कांग्रेस के बागी प्रत्याशी कांग्रेस के चुनाव चिन्ह पर चुनाव जीते उनका मकसद जनता के प्रति श्रद्धा सेवा समर्पण नहीं कमाई थी। हालांकि हिमाचल में वह इस काम में सफल नहीं हो पाए हैं। प्रियंका गांधी ने कहा कि यही फर्क भाजपा और कांग्रेस की विचारधारा में है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव देश के संविधान और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है। भाजपा ने जिस तरह देश के संविधान और लोकतंत्र का गला घोंटा है, वह देश के लिए ठीक नहीं है।

मोदी सरकार ने अमीर दोस्तों का 16 लाख करोड़ का कर्ज माफ किया
प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी सरकार ने अमीर दोस्तों का 16 लाख करोड़ का कर्ज माफ किया। यही नहीं, पूर्व यूपीए सरकार के समय बनाया गया वन रैंक वन पैंशन का सारा ढांचा बदलकर पूर्व सैनिकों के साथ अन्याय किया गया है। पिछले 10 वर्षों में भाजपा के कार्यकाल में देश में महंगाई और बेरोजगारी चरम पर पहुंच गई है। देश में 30 लाख से अधिक सरकारी पद खाली पड़े हैं, वही बेरोजगारों की संख्या करोड़ों में पहुंच गई है। इस सरकार ने सिर्फ अपने पूंजीपति दोस्तों को फायदा पहुंचाने के लिए ही दिन-रात काम किया है जबकि आम जनता से इनका कोई लेना-देना नहीं है।

भाजपा ने देश के किसानों व बागवानों के साथ विश्वासघात किया
पिछले 10 वर्षों में धर्म, क्षेत्र और संप्रदाय के नाम पर भाजपा ने देश की जनता को बांटने का काम किया है। सत्ता के लिए धनबल का इस्तेमाल हो रहा है। उन्होंने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने सरकारी कर्मचारियों की पैंशन बंद कर दी और देश के किसानों व बागवानों के साथ विश्वासघात किया। भाजपा ने हिमाचल में सरकार बनने के बाद आई भयानक आपदा के दौरान न हिमाचल की मदद की और न ही यहां के लोगों का दुख-दर्द जाना। भाजपा की विचारधारा और सोच सिर्फ सत्ता में बने रहने की होकर रह गई है।

नौकरियों में महिलाओं को देंगे 50 प्रतिशत आरक्षण 
प्रियंका गांधी ने कहा कि सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा, इंटर्नशिप के अलावा युवाओं के लिए 5000 करोड़ का फंड बनाया जाएगा। 30 लाख खाली पड़े सरकारी पदों को भरा जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के आने पर भाजपा सरकार द्वारा शुरू की गई अग्निवीर योजना को रद्द कर दिया जाएगा तथा दोबारा से पुरानी भर्ती प्रक्रिया के तहत ही जवानों को सेना में भर्ती किया जाएगा। एमएसपी कानून बनाया जाएगा, दिहाड़ी 400 रुपए की जाएगी और मनरेगा को गांव की तरह शहरों में भी मजबूत किया जाएगा। उन्होंने इस दौरान लोगों से लोकसभा सहित उपचुनाव में भी कांग्रेस के लिए समर्थन मांगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू गगरेट उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी राकेश कालिया सहित लोकसभा प्रत्याशी सतपाल रायजादा भी मौजूद रहे।

डबल सेवा करेगी इंडिया गठबंधन की सरकार
प्रियंका गांधी ने इस दौरान लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के घोषणा पत्र का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि अगर देश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनती है तो कांग्रेस डबल सेवा के साथ काम करेगी। जो योजनाएं प्रदेश सरकारों ने चलाई हैं, उनमें केंद्र सरकार अपना अलग से सहयोग करेगी, आम लोगों को 25 लाख का स्वास्थ्य बीमा दिया जाएगा, हर महिला को हर महीने 8500 रुपए दिए जाएंगे, जो सालाना एक लाख की राशि बनेगी।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News