Sirmour: सेवानिवृत्त फौजी ने उठाया खौफनाक कदम, परिजनों के उड़े होश

punjabkesari.in Monday, May 25, 2026 - 08:52 PM (IST)

नाहन (आशु): पुलिस थाना नाहन के अंतर्गत मझोली जलापड़ी क्षेत्र में एक सेवानिवृत्त फौजी द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान राकेश छेत्री (43) पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी मझोली जलापड़ी तहसील नाहन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार राकेश छेत्री सेना से सेवानिवृत्त था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घर पहुंचने के बाद वह रात करीब 12 बजे अपने कमरे में सोने चला गया। रात्रि करीब 3 बजे जब परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो उनके होश उड़ गए। राकेश छेत्री कमरे में फंदे से लटका हुआ था।

घटना की सूचना तुरंत कच्चा टैंक पुलिस चौकी को दी गई। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी एएसआई अनिल कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मैडीकल कालेज नाहन भेजा। पुलिस के अनुसार मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और न ही परिजनों की ओर से किसी प्रकार का शक जाहिर किया गया है। उधर, एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News