Sirmaur: नाहन जेल के कैदी की अस्पताल ले जाते समय मौत, हत्या के केस में काट रहा था सजा

punjabkesari.in Wednesday, Oct 15, 2025 - 09:34 PM (IST)

नाहन (हितेश): आदर्श केंद्रीय कारागार नाहन में हत्या के जुर्म में सजा काट रहे एक कैदी की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। पुलिस ने कैदी का पोस्टमार्टम करवाकर बुधवार को शव उसके परिजनों को सौंप दिया है। जानकारी के अनुसार राजेंद्र सिंह (50) पुत्र सुरजीत सिंह, निवासी 5-सी/42, विष्णु गार्डन, खुईवाली गली, नई दिल्ली वर्ष 2004 में शिमला में हुई हत्या के केस में नाहन जेल में सजा काट रहा था।

गत मंगलवार को उसे आर्थो संबंधी जांच के लिए मैडीकल कालेज ले जाया जा रहा था। इस बीच गुन्नूघाट के समीप उसे अचानक चक्कर आ गया और वह बेहोश हो गया। लिहाजा, जेल से तत्काल एम्बुलैंस बुलाई गई और तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डीएसपी हैडक्वार्टर रमाकांत ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने बुधवार को कैदी के शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों के हवाले कर दिया है। मृतक के शरीर पर किसी भी तरह की चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच के अनुसार कैदी की मृत्यु की वजह कोई बीमारी या प्राकृतिक कारणों से मानी जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News