Himachal: हल्दी की खेती करें किसान, सरकार दे रही 90 रुपए प्रति किलो MSP : कृ​​षि मंत्री

punjabkesari.in Saturday, Jun 07, 2025 - 11:29 PM (IST)

नगरोटा सूरियां (ब्यूरो): कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने शनिवार को ज्वाली विधानसभा क्षेत्र के एक निजी पैलेस में आयोजित महिला सम्मान समारोह में बतौर मुख्यातिथि भाग लिया। इस अवसर पर विभिन्न महिला मंडलों द्वारा कृषि मंत्री को शॉल, टोपी एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए ठोस प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सभी 36 महिला मंडलों को उनके कार्यों के लिए 20-20 हजार रुपए की सहायता देने का वायदा किया था, जिसमें से 10-10 हजार रुपए की पहली किस्त जारी कर दी गई है और दूसरी किस्त भी जल्द ही दी जाएगी। प्रो. चंद्र कुमार ने कहा कि हमारे पहाड़ी क्षेत्रों में महिलाएं खेती की रीढ़ हैं और उनके योगदान के बिना कृषि की कल्पना भी नहीं की जा सकती है।

प्रदेश सरकार खेती को लाभकारी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने हल्दी की खेती को लाभदायक बताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने प्राकृतिक रूप से उगाई गई कच्ची हल्दी पर 90 रुपए प्रति किलोग्राम एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) निर्धारित की है। उन्होंने बताया कि हल्दी के औषधीय गुण अनेक बीमारियों से बचाव में सहायक हैं। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक रूप से उगाई गई गेहूं और मक्की पर भी सरकार ने एमएसपी में वृद्धि की है, जिससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा। यह कदम प्राकृतिक खेती को आर्थिक रूप से लाभकारी बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल है। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती पशुधन पर आधारित होती है, इसलिए सरकार ने भैंस के दूध पर 61 रुपए प्रति लीटर और गाय के दूध पर 51 रुपए प्रति लीटर की एमएसपी दी है ताकि पशुपालन को भी बढ़ावा मिले और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बल मिले।

इस अवसर पर कृषि विभाग और आत्मा परियोजना के अधिकारियों ने उपस्थित महिलाओं को प्राकृतिक खेती के लाभों और वैज्ञानिक तरीकों की जानकारी दी। कार्यक्रम में कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक नाॅर्थ जोन राहुल कटोच, उपनिदेशक कुलदीप धीमान, प्रोजैक्ट निदेशक (आत्मा) आरके भारद्वाज, ब्लॉक प्रोजैक्ट मैनेजर नंदिनी कपूर, बीडीओ मनोज शर्मा, उपमंडलीय भू-संरक्षण अधिकारी चंचल राणा, पूर्व ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष इंदु बाला, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष चैन सिंह गुलेरिया, कांग्रेस प्रवक्ता संसार सिंह संसारी व कांग्रेस नेता अश्विनी चौधरी सहित विभिन्न महिला मंडलों के सदस्य उपस्थित रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News